राहुल का सनसनीखेज दावा: "मेरा फोन टैप हो रहा है!", PM मोदी को दी 7वीं बार आमने-सामने बहस की चुनौती
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए। इंस्टाग्राम पर आयोजित 'आस्क मी एनीथिंग' सेशन के दौरान राहुल गांधी ने अपना मोबाइल फोन दिखाते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री को पता है कि उनका फोन टैप कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फोन में ही उनके आरोपों से जुड़े सबूत मौजूद हैं।
राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी को आमने-सामने बैठकर बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने दावा किया कि अगर प्रधानमंत्री उनके साथ वन-टू-वन डिबेट करते हैं, तो इसके बाद वह पीएम पद पर नहीं रह पाएंगे। पिछले 12 दिनों में यह सातवीं बार है, जब राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को सार्वजनिक बहस के लिए चुनौती दी है।
विदेश से किसे मिल रही है मदद? यूजर के सवाल पर राहुल का जवाब
इंस्टाग्राम सेशन के दौरान एक यूजर ने राहुल गांधी से पूछा कि प्रधानमंत्री मोदी का आरोप है कि उन्हें विदेश से मदद मिल रही है, जबकि राहुल गांधी कहते हैं कि मोदी विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं। ऐसे में दोनों दावों के समर्थन में क्या सबूत हैं?
इस पर राहुल गांधी ने कहा कि इन आरोपों से जुड़े सबूत उनके फोन में मौजूद हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री के साथ आमने-सामने की बहस में यह स्पष्ट हो जाएगा कि विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है और देश विरोधी गतिविधियों में कौन शामिल है। राहुल ने यह भी कहा कि उनके पास ऐसी कई अन्य जानकारियां हैं, जिनके बारे में वह जानते हैं और जो उनके मोबाइल फोन में मौजूद हैं।
दिल्ली प्रदूषण पर भी PM मोदी को घेरा
एक अन्य यूजर ने राहुल गांधी से पूछा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के साथ किन मुद्दों पर बहस करनी चाहिए। इस पर राहुल ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और वन-टू-वन डिबेट की चुनौती का जिक्र किया।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देखना होगा कि प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के AQI को ज्यादा नजरअंदाज करते हैं या उनकी बहस की चुनौती को। राहुल गांधी ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री बहस के लिए तैयार होते हैं, तो उन्हें अपने एयर चैंबर से बाहर निकलकर आम लोगों की तरह सांस लेनी पड़ेगी।
भाजपा ने राहुल गांधी पर किया पलटवार
राहुल गांधी की बहस की चुनौती पर भाजपा नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेताओं ने उन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद के भीतर होने वाली बहस से बचते रहे हैं।केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ बहस करने के लिए राहुल गांधी को किसी अलग जगह की तलाश करने की जरूरत नहीं है। संसद पहले से ही बहस का मंच है। उन्होंने राहुल गांधी को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी समझने और सदन में गंभीरता दिखाने की नसीहत दी।इस तरह राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को दी गई बहस की चुनौती के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है।