राहुल गांधी की बढ़ीं मुश्किलें! अमित शाह के खिलाफ बयान पर विशेषाधिकार हनन का नोटिस, 28 अगस्त तक देना होगा जवाब
संसद में दिए गए भाषण को लेकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने उन्हें नोटिस जारी कर 28 अगस्त, 2026 तक जवाब मांगा है। बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर और संजय जायसवाल ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से शिकायत की थी कि उन्होंने असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया; समिति ने इसी शिकायत के आधार पर नोटिस जारी किया है।
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि 'एंटी-पेपर लीक बिल' पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और नियम 353 के तहत ज़रूरी पूर्व सूचना दिए बिना गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए। बीजेपी सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने मांग की थी कि गृह मंत्री के खिलाफ असंसदीय शब्दों के इस्तेमाल का संज्ञान लिया जाए और प्रक्रिया के नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाए।
विशेषाधिकार समिति ने राहुल गांधी को अपना जवाब दाखिल करने के लिए 28 अगस्त, 2026 तक का समय दिया है। उनका लिखित जवाब मिलने के बाद समिति उसकी समीक्षा करेगी। अगर समिति को जवाब असंतोषजनक लगता है, तो राहुल गांधी को अपना पक्ष रखने के लिए व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए बुलाया जा सकता है। जांच पूरी होने के बाद, समिति अपनी रिपोर्ट लोकसभा स्पीकर और सदन को सौंपेगी।