×

राहुल गांधी-मलेशियाई PM की मुलाकात: अनवर इब्राहिम ने राहुल को बताया 'अच्छा दोस्त', 8 साल में तीसरी बार मिले

 

दिल्ली में चल रहे 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के बीच मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने रविवार सुबह कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं।यह मुलाकात BRICS समिट से अलग हुई, जहां तीनों ने साथ में नाश्ता किया। हालांकि, यह बैठक दिल्ली में किस स्थान पर हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कांग्रेस और मलेशियाई प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गई हैं।अनवर इब्राहिम ने राहुल गांधी के साथ मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि उन्हें एक बार फिर अपने अच्छे दोस्त राहुल गांधी से नाश्ते पर मिलने का मौका मिला। दोनों नेताओं के बीच हाल के अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय घटनाक्रमों को लेकर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

8 साल में तीसरी बार राहुल से मिले अनवर इब्राहिम

राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम की यह पहली मुलाकात नहीं है। पिछले करीब आठ वर्षों में दोनों नेता भारत में तीन बार मिल चुके हैं।

2019 में पहली मुलाकात:
जनवरी 2019 में अनवर इब्राहिम रायसीना डायलॉग में हिस्सा लेने भारत आए थे। उस समय वह मलेशिया के प्रधानमंत्री नहीं थे और PKR के अध्यक्ष तथा देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री के तौर पर भारत पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी राहुल गांधी से पहली मुलाकात हुई थी।

2024 में PM बनने के बाद मुलाकात:
अगस्त 2024 में मलेशिया के प्रधानमंत्री बनने के बाद अनवर इब्राहिम भारत दौरे पर आए थे। उस दौरान भी उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। उस समय राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता बन चुके थे। मुलाकात के बाद अनवर इब्राहिम ने गांधी परिवार को अपना ‘फैमिली फ्रेंड’ बताया था।

BRICS डिनर में किशोर कुमार का गाना गाया

अनवर इब्राहिम 12 और 13 सितंबर को दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय BRICS समिट में हिस्सा लेने भारत पहुंचे हैं। शनिवार को उन्होंने ‘समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करना’ विषय पर आयोजित सत्र में भाग लिया।

इसके अलावा उन्होंने BRICS नेताओं के साथ पौधरोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। शनिवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित डिनर में भी मलेशियाई प्रधानमंत्री शामिल हुए।

इस दौरान अनवर इब्राहिम ने पियानो की धुन पर बॉलीवुड के दिग्गज गायक किशोर कुमार का मशहूर गाना ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गाया, जिसका वीडियो भी चर्चा में रहा।

BRICS समिट में कई देशों के नेता मौजूद

दिल्ली में आयोजित BRICS समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई देशों के शीर्ष नेता और प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।

12 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में विदेशी नेताओं का स्वागत किया था। BRICS कार्यक्रमों के दौरान विभिन्न देशों के नेताओं के बीच द्विपक्षीय मुलाकातों का दौर भी जारी रहा।

रविवार को प्रधानमंत्री मोदी और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी भारत मंडपम में मुलाकात की और एक-दूसरे का गर्मजोशी से अभिवादन किया।

ऐसे में BRICS समिट के बीच अनवर इब्राहिम की राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ हुई नाश्ते की मुलाकात ने भी राजनीतिक गलियारों में खासा ध्यान खींचा है।