Rahul Gandhi Hyderabad Visit: गिग वर्कर्स से करेंगे संवाद, तेलंगाना में वेलफेयर बोर्ड की होगी शुरुआत
हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस की भारत समिट का शनिवार, 14 नवंबर को दूसरा दिन है। इस दौरान राहुल गांधी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के एक कार्यक्रम और रैली में हिस्सा लेकर डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, कैब ड्राइवर और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों से बातचीत करेंगे। इस दौरान कर्मचारी अपनी समस्याएं और मांगें उनके सामने रखेंगे।
यह कार्यक्रम हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (HICC) के पास आयोजित किया जाएगा। इसके साथ गिग वर्कर्स की रैली भी निकाली जाएगी। कार्यक्रम में राज्य सरकार की ओर से गिग वर्कर्स के लिए वेलफेयर बोर्ड की शुरुआत की जाएगी। इसका उद्देश्य इन कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं को लागू करना है।
70 देशों के प्रतिनिधि समिट में पहुंचे
हैदराबाद में चल रही भारत समिट में करीब 70 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। यहां वैश्विक चुनौतियों और मौजूदा मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। समिट का उद्देश्य तेलंगाना में निवेश को बढ़ावा देना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। इसके जरिए राज्य को अपने औद्योगिक और आईटी इकोसिस्टम को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने पेश करने का अवसर भी मिलेगा।
गिग वर्कर्स की इन मांगों पर होगी चर्चा
राहुल गांधी के साथ होने वाले कार्यक्रम में गिग वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार सुरक्षा जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। इसके अलावा कर्मचारियों के रजिस्ट्रेशन और उनकी शिकायतों के समाधान की व्यवस्था पर भी चर्चा होगी।
2 जून से लागू है गिग वर्कर्स का कानून
तेलंगाना सरकार ने गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के लिए 'तेलंगाना प्लेटफॉर्म-बेस्ड गिग वर्कर्स (रजिस्ट्रेशन, सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर) एक्ट, 2026' बनाया है। यह कानून 2 जून 2026 से लागू हो चुका है। अब 14 नवंबर को इसके तहत तैयार किए गए नियमों की अधिसूचना जारी की जाएगी।
तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (TGPWU) के संस्थापक और प्रदेश अध्यक्ष शेख सलाउद्दीन के मुताबिक, राहुल गांधी का यह दौरा गिग वर्कर्स के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा और बाद के चुनाव अभियानों के दौरान कर्मचारियों के कल्याण के लिए कदम उठाने का वादा किया गया था। अब कानून के नियमों और वेलफेयर बोर्ड को अधिसूचित करने की तैयारी है।
यूनियन के अनुसार, रैली में किसी राजनीतिक संगठन की भागीदारी नहीं होगी। इसमें गिग वर्कर्स अपनी खुशी जाहिर करने और उनके कल्याण के लिए उठाए जा रहे कदमों के प्रति आभार जताने के लिए शामिल होंगे।