☰
×

राहुल गांधी ने BJP-RSS को बताया ‘असभ्य, लालची और जातिवादी’, वीडियो में देखें अर्धनारीश्वर की तस्वीर शेयर कर साधा निशाना

 

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर निशाना साधा। उन्होंने दोनों संगठनों को 'असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी मानसिकता वाला' बताया। राहुल ने आरोप लगाया कि BJP और RSS को भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की बिल्कुल समझ नहीं है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/EmD0cHxAV-g?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/EmD0cHxAV-g/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर महाराष्ट्र की एलिफेंटा गुफाओं में बनी अर्धनारीश्वर की मूर्ति की तस्वीर शेयर की। इस मूर्ति में भगवान शिव और माता पार्वती को एक ही स्वरूप में दर्शाया गया है। तस्वीर के साथ राहुल ने लिखा, "मैं जितना भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को समझ रहा हूं, उतना ही यह साफ होता जा रहा है।"

इसके बाद उन्होंने BJP और RSS पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इन संगठनों को भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की कोई समझ नहीं है। राहुल की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई।

6 दिन में शिव-पार्वती से जुड़ी दूसरी तस्वीर शेयर की

राहुल गांधी का पिछले छह दिनों में शिव और पार्वती से जुड़ी मूर्तियों को लेकर यह दूसरा पोस्ट है। इससे पहले 17 नवंबर को उन्होंने 12वीं सदी के एक मंदिर में बनी मूर्ति की तस्वीर शेयर की थी। इसमें माता पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी दिखाई दे रही थीं।

उस तस्वीर के साथ राहुल ने लिखा था कि डर, क्रोध और नफरत ने BJP और RSS समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है। उन्होंने आगे कहा था कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वे लोगों को इस जाल से बाहर निकालें, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की सुंदरता और आनंद को महसूस कर सकें।

माता-पिता के रिश्ते पर बयान के बाद शुरू हुआ था विवाद

राहुल गांधी की ये पोस्ट ऐसे समय आई हैं, जब हाल ही में उनकी मां सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के विमोचन कार्यक्रम में माता-पिता के रिश्ते को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक विवाद हुआ था।

कार्यक्रम में राहुल ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते का जिक्र करते हुए बताया था कि दोनों एक-दूसरे के प्रति काफी स्नेह जताते थे। उन्होंने कहा था कि बचपन में वह इसे सामान्य मानते थे, लेकिन दोस्तों के घर जाने पर उन्हें महसूस हुआ कि हर परिवार में माता-पिता के बीच इस तरह का व्यवहार नहीं होता। इसके बाद उनके बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बहस और आलोचनाएं शुरू हो गई थीं।

BJP ने भी राहुल के बयान पर दी प्रतिक्रिया

राहुल गांधी की टिप्पणी पर BJP की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने उनके आरोपों को खारिज करते हुए राहुल पर सनातन धर्म को लेकर विरोधी रुख रखने का आरोप लगाया। इस तरह शिव-पार्वती और अर्धनारीश्वर की मूर्तियों को लेकर राहुल की लगातार पोस्ट के बाद BJP और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।