UP में त्योहारों से पहले पुलिस अलर्ट, सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द; बाजारों में 24 घंटे होगी निगरानी
उत्तर प्रदेश में दीपावली, छठ और देव दीपावली समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए योगी सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द करने का फैसला लिया है। शासन से लेकर थानों तक तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। लोगों की सुरक्षा और आपसी सौहार्द सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उत्सव के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे रहेगी नजर
सीएम योगी ने अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी साझा करने और आपत्तिजनक बयानबाजी के जरिए माहौल खराब करने वालों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अयोध्या धाम में 7 नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा तथा सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
धार्मिक स्थलों पर तैनात होगी अतिरिक्त पुलिस
मुख्यमंत्री ने प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पहले से रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने और इसकी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने को कहा है।
बाजारों में 24 घंटे पुलिस गश्त
धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने 24 घंटे पुलिस निगरानी, पैदल गश्त और सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को खुद फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने को कहा गया है। साथ ही पुलिस की पीआरवी-112 सेवा को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पटाखों की दुकानों के लिए सुरक्षा नियम
पटाखों की बिक्री को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। निर्देश दिए गए हैं कि पटाखों की दुकानें और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही बनाए जाएं। अग्निशमन विभाग को पर्याप्त फायर टेंडर और जरूरी उपकरणों के साथ 24 घंटे अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।
त्योहारों में बिजली-पानी की नहीं होगी कमी
सीएम योगी ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में त्योहारों के दौरान बिना रोस्टर कटौती के बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों को लगातार स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने को कहा है। आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय भी त्योहार से पहले उनके बैंक खातों में भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद की कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
त्योहारों की तैयारियों के साथ मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याओं पर भी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारियों से यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। खाद की जमाखोरी, कृत्रिम कमी पैदा करने और निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर बिक्री करने वालों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा धान खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि किसानों की उपज की तौल पारदर्शी तरीके से हो और कोई भी किसान अपनी फसल बेचे बिना केंद्र से वापस न लौटे।