PM Modi का शरद पवार को फोन, बोले- सुप्रिया अब तैयार हैं, आप आराम कीजिए; विलय की अटकलों के बीच चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद NCP (SP) प्रमुख शरद पवार से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर पवार से कहा कि सुप्रिया सुले अब जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं और वे उनके साथ मिलकर देश संभालेंगी। पीएम ने पवार को आराम करने की सलाह भी दी।
यह जानकारी शरद पवार के करीबी विट्ठल मनियार ने मीडिया को दी। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री की बात पर पवार ने जवाब दिया, "मैं आराम कर रहा हूं। जब आप सभी साथ हैं, तो मुझे देश की कोई चिंता नहीं है।"
हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी और शरद पवार की ओर से इस बातचीत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अमित शाह से मुलाकात के बाद NCP में विलय की चर्चा तेज
शरद पवार और पीएम मोदी के बीच यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब महाराष्ट्र की राजनीति में NCP के दोनों गुटों के विलय को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
दरअसल, रविवार को दिवंगत अजित पवार की NCP के कई वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार शामिल नहीं थे।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि बैठक में सुनेत्रा और पार्थ पवार के एकतरफा फैसलों को लेकर चिंता जताई गई थी। इसके बाद दोनों NCP गुटों के विलय की संभावनाओं पर चर्चा शुरू हो गई।
हालांकि, NCP ने इन अटकलों को खारिज कर दिया। पार्टी की कोर कमेटी की बैठक के बाद महाराष्ट्र NCP अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि पार्टी सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट होकर काम करेगी। उन्होंने शरद पवार गुट के साथ विलय की संभावना से इनकार किया।
राजनीतिक मतभेदों के बावजूद मोदी और पवार के रिश्ते सौहार्दपूर्ण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार के बीच राजनीतिक मतभेद लंबे समय से रहे हैं, लेकिन दोनों नेताओं के निजी संबंध हमेशा चर्चा में रहे हैं।
2015 में बारामती दौरे के दौरान पीएम मोदी ने शरद पवार के राजनीतिक अनुभव की प्रशंसा की थी। उन्होंने कहा था कि पवार ने राजनीति के शुरुआती दिनों में उनका मार्गदर्शन किया था।
2017 में केंद्र सरकार ने शरद पवार को देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया था। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद दोनों नेताओं के बीच राष्ट्रीय और महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर संवाद होता रहा है।
पुणे से छुट्टी के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती
शरद पवार को खांसी और सांस लेने के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद 2 नवंबर को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें दो दिनों तक निगरानी में रखा।
बुधवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन इसके करीब चार घंटे बाद आगे की जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। डॉक्टर अब उनकी स्थिति का आकलन करने के लिए आगे की चिकित्सकीय जांच कर रहे हैं।