PM CARES for Children: स्कॉलरशिप के लिए आधार जरूरी, लेकिन इन बच्चों की नहीं रुकेगी आर्थिक मदद
PM CARES for Children योजना के तहत कक्षा 1 से 12वीं तक के बच्चों को मिलने वाली स्कॉलरशिप के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। इसके तहत बच्चों की पहचान आधार के जरिए सत्यापित की जाएगी। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन बच्चों के पास आधार कार्ड नहीं है या आधार वेरिफिकेशन में परेशानी आती है, उन्हें छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित नहीं किया जाएगा।
वैकल्पिक दस्तावेजों से भी मिलेगी मदद
सरकार के प्रावधानों के मुताबिक, आधार उपलब्ध नहीं होने या सत्यापन असफल रहने की स्थिति में जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल सर्टिफिकेट और राशन कार्ड जैसे वैकल्पिक दस्तावेजों के आधार पर बच्चे की पहचान की पुष्टि की जा सकेगी। इसके साथ ही माता-पिता या अभिभावकों से उसके संबंध को प्रमाणित करने वाले दस्तावेज भी स्वीकार किए जाएंगे।
आधार बनवाने में भी करेगा विभाग सहयोग
ऐसे बच्चों की सहायता जारी रखने के लिए संबंधित विभाग आधार बनवाने की प्रक्रिया में भी मदद करेगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दस्तावेजों की कमी या आधार से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण कोई पात्र बच्चा योजना के लाभ से वंचित न रहे।
इस व्यवस्था के तहत आधार सत्यापन को जरूरी बनाया गया है, लेकिन आधार नहीं होने की स्थिति में वैकल्पिक पहचान प्रमाणों के जरिए भी पात्र बच्चों तक छात्रवृत्ति का लाभ पहुंचाने का प्रावधान रखा गया है।