☰
×

India-Pakistan Relations: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत आए पाकिस्तानी मंत्री, दिल्ली में SCO फोरम में लेंगे हिस्सा

 

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच शुक्रवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक भारत पहुंचे हैं। वह दिल्ली में आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। मई 2023 में बिलावल भुट्टो जरदारी के भारत दौरे के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा है।

पीएम मोदी करेंगे फोरम का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। यह आयोजन 20 से 22 नवंबर तक चलेगा।

फोरम का आयोजन केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय मिलकर कर रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य SCO सदस्य देशों की साझा सभ्यता, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक संबंधों को सामने लाना है। साथ ही सदस्य देशों के बीच संवाद और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना भी इसका लक्ष्य है।

भारत ने इस कार्यक्रम के लिए 25 देशों को निमंत्रण भेजा था, जिनमें से 15 देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि की है।

पाकिस्तान ने संस्कृति मंत्री की जगह जलवायु मंत्री को भेजा

भारत की ओर से पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को आमंत्रित किया गया था। हालांकि, पाकिस्तान ने उनकी जगह जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को अपने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए नामित किया।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, उसका प्रतिनिधिमंडल फोरम के विभिन्न विषयों पर होने वाली चर्चाओं में हिस्सा लेगा। इसके अलावा SCO के अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेगा।

इससे पहले मई 2023 में तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी गोवा में SCO विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने भारत आए थे।

चीन, ईरान समेत 15 देशों की भागीदारी

केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 13 नवंबर को बताया था कि भारत ने फोरम के लिए 25 देशों को आमंत्रित किया है। आमंत्रित देशों में चीन, कजाकिस्तान, ईरान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका शामिल हैं।

पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर शेखावत ने उम्मीद जताई थी कि वह भी कार्यक्रम में शामिल होगा। उन्होंने कहा था कि भारत और पाकिस्तान की सभ्यता और संस्कृति का विकास लंबे समय तक साथ हुआ है। 1947 में बंटवारे के बाद दोनों देश अलग जरूर हुए, लेकिन उनकी साझा विरासत आज भी मौजूद है।

शेखावत के मुताबिक, भारत चाहता है कि SCO का दायरा राजनीति और अर्थव्यवस्था से आगे बढ़े और इसमें साझा सभ्यता, संस्कृति तथा मानवीय मूल्यों पर भी चर्चा हो।

पुराना किला में दिखाई जाएगी 3,200 साल पुरानी सभ्यता की झलक

फोरम का एक बड़ा आकर्षण पुराना किला में आयोजित होने वाली 'अस्तित्व- द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस' प्रदर्शनी होगी। इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक दिल्ली के इतिहास को पुरातात्विक अवशेषों, कलाकृतियों और वास्तुशिल्प के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के संग्रहालय निदेशक वसंत स्वर्णकार के अनुसार, पुराना किला में करीब 3,000 साल तक लगातार आबादी रहने के प्रमाण मिले हैं। यहां की खुदाई में प्री-मौर्य, महाजनपद, मौर्य, शुंग, कुषाण, गुप्तोत्तर, राजपूत, सल्तनत और मुगल काल से जुड़े अवशेष मिले हैं।

प्रदर्शनी में दर्शकों को ये खास चीजें देखने को मिलेंगी:

  • मौर्यकालीन कलाकृतियां: टेराकोटा की मूर्तियां और हाथ से बनाई गई आकृतियां।
  • राजपूत काल: पत्थर से बनी वैकुंठ विष्णु की प्रतिमा।
  • धार्मिक विरासत: गजलक्ष्मी की आकृति और गणेश की छोटी मूर्ति।
  • प्राचीन जीवनशैली: पेंटेड ग्रे वेयर संस्कृति के बर्तन, सिक्के, मनके और आभूषण।
  • ऐतिहासिक अवशेष: इंद्रप्रस्थ का उल्लेख करने वाला शिलालेख और घोड़े की खोपड़ी।

इसके अलावा 'अनंत: ए रेयर 18th सेंचुरी महाभारत स्क्रॉल' नाम से एक विशेष पवेलियन भी तैयार किया जाएगा। इसमें 18वीं सदी की दुर्लभ चित्रित महाभारत स्क्रॉल प्रदर्शित होगी।

22 नवंबर तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा पुराना किला

SCO फोरम और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुराना किला 18 से 22 नवंबर तक आम पर्यटकों के लिए बंद रखा गया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण में आने वाले इस ऐतिहासिक स्थल को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आम लोगों के लिए फिर से खोला जाएगा।

SCO फोरम के लिए पुराना किला ही क्यों चुना गया?

दिल्ली का पुराना किला प्राचीन इंद्रप्रस्थ से जुड़ा माना जाता है। यहां हुई खुदाई में अलग-अलग ऐतिहासिक कालखंडों की सभ्यताओं के प्रमाण मिले हैं। संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार, यह स्थल भारत की सांस्कृतिक और सभ्यतागत यात्रा की कई परतों को दर्शाता है।

ASI के संग्रहालय निदेशक वसंत स्वर्णकार ने बताया कि खुदाई में ऐसे व्यापारिक संबंधों के संकेत भी मिले हैं, जो प्राचीन भारत के उन क्षेत्रों से जुड़े हो सकते हैं, जो आज SCO के सदस्य देशों में शामिल हैं। इसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए पुराना किला इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए चुना गया है।