परिसीमन बिल पर INDIA ब्लॉक ने बनाई विरोध की रणनीति, खड़गे बोले- लोकतंत्र के लिए खतरा है यह विधेयक; राहुल गांधी शाम 5 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
देश में परिसीमन बिल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए बीजेपी पूरी सत्ता अपने हाथों में लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है और विपक्ष सरकार की इस कोशिश को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।
खड़गे ने आरोप लगाया कि सरकार संसद में संख्या बल बढ़ाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करना चाहती है। उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह वहां हाथ उठाकर फैसले किए जाते हैं, उसी तरह भारत में भी बहुमत के दम पर लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश हो रही है।
दरअसल, परिसीमन विधेयक को लेकर शनिवार को INDIA ब्लॉक के सांसदों की बैठक कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर हुई। इस बैठक में विपक्षी दलों ने प्रस्तावित परिसीमन बिल का विरोध करने पर सहमति जताई। बैठक के बाद राहुल गांधी शाम 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष का पक्ष रखेंगे।
खड़गे का आरोप- SIR की तरह परिसीमन में भी हो सकती है गड़बड़ी
मल्लिकार्जुन खड़गे ने नए परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीटों की संख्या बढ़नी चाहिए, लेकिन सरकार के प्रस्तावित विधेयक में इसका स्पष्ट प्रावधान नहीं है।
खड़गे का आरोप है कि सरकार जिस नए बिल को लाने की तैयारी कर रही है, उसके बारे में विपक्ष को पूरी जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस आयोग पर पहले से ही मतदाता सूची से करोड़ों लोगों के नाम हटाने के आरोप हैं, उसे परिसीमन की जिम्मेदारी देना उचित नहीं है।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा। खड़गे ने आरोप लगाया कि उनके नेतृत्व में परिसीमन की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रह पाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का हवाला देते हुए भी प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
850 सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव पर विपक्ष को आपत्ति
परिसीमन को लेकर विपक्ष की सबसे बड़ी चिंता लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव को लेकर है। खड़गे ने कहा कि सरकार ऐसे समय में यह विधेयक लाने की तैयारी कर रही है, जब उसे लगता है कि उसके पास पर्याप्त संख्या बल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में सीटों की संख्या 850 तक पहुंचाने का फैसला देश की राजनीतिक व्यवस्था और लोकतंत्र पर दूरगामी असर डाल सकता है। खड़गे के मुताबिक, बीजेपी इस बदलाव के जरिए सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।
उन्होंने यह भी आशंका जताई कि अगर सरकार को संख्या बल के आधार पर ज्यादा ताकत मिलती है तो वह संविधान में बदलाव करने की कोशिश कर सकती है। इसी वजह से INDIA ब्लॉक इस विधेयक का विरोध करेगा।
कांग्रेस ने लगाए मोदी-शाह पर गंभीर आरोप
कांग्रेस ने परिसीमन के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी निशाने पर लिया है। पार्टी का आरोप है कि पहले SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण के जरिए मतदाता सूची में नाम शामिल करने और हटाने को लेकर सवाल उठे और अब परिसीमन के माध्यम से यह तय करने की कोशिश की जा रही है कि किस क्षेत्र में कितनी राजनीतिक हिस्सेदारी होगी।
कांग्रेस का कहना है कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं और ऐसे में परिसीमन की जिम्मेदारी उसी व्यवस्था को सौंपना चिंता का विषय है।
विपक्ष ने संसद में सांसदों के निलंबन और मुख्य चुनाव आयुक्त को कानूनी संरक्षण देने वाले प्रावधानों का भी जिक्र किया। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी का उद्देश्य सिर्फ सीटों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि संसद में अपनी ताकत का इस्तेमाल करके संविधान में बदलाव करना है।
कांग्रेस और शिवसेना ने सांसदों को जारी किया व्हिप
परिसीमन बिल को लेकर संसद में होने वाली आगामी चर्चा और विशेष सत्र को देखते हुए विपक्षी दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सांसदों को अगले सप्ताह होने वाली विशेष बैठक के दौरान सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।
इसके साथ ही कांग्रेस ने अपने सांसदों को 29 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने को कहा है। वहीं, शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में मौजूद रहने का निर्देश जारी किया है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं। पार्टी के मुख्य सचेतक श्रीरंग बारणे ने इसकी जानकारी दी।
फिलहाल परिसीमन बिल को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। एक तरफ सरकार की प्रस्तावित योजना को लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है, वहीं INDIA ब्लॉक ने इसके खिलाफ एकजुट होकर विरोध करने की रणनीति बनाई है। अब सबकी नजर राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस और संसद के आगामी विशेष सत्र पर रहेगी।