शिक्षा बनाम शराब पर छिड़ी जंग! 27 जुलाई को अयोध्या में AAP का अभियान 'ढपोर शंखों को जगाओ', वीडियो में BJP पर लगाए गंभीर आरोप
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह आज अयोध्या पहुँचे। उत्तर प्रदेश में स्कूलों के विलय के मुद्दे पर उन्होंने ऐलान किया कि 27 जुलाई को राज्य में "ढपोर शंखों को जगाओ शंख बजाओ" अभियान चलाया जाएगा। उस दिन आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन करेंगे। संजय सिंह ने कहा कि राज्य में 27,308 शराब की दुकानें खोल दी गई हैं और 27,000 स्कूल बंद किए जा रहे हैं। यह शिक्षा के साथ अन्याय है। सांसद संजय सिंह ने तीखे तेवर दिखाते हुए राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने एक के बाद एक बड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा और कई चौंकाने वाले बयान दिए।
बिहार चुनाव एक औपचारिकता, वोट काटने पर सवाल
संजय सिंह ने कहा कि बिहार में एसआईआर रिपोर्ट के बाद चुनाव का कोई औचित्य नहीं है। 52 लाख वोट काटे गए हैं। चुनाव आयोग मोदी जी को जीत का प्रमाण पत्र पहले ही दे चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव अब महज एक औपचारिकता बनकर रह गया है, कोई भी लड़े या जीते, नतीजे तय हैं।
उपराष्ट्रपति का इस्तीफा चौंकाने वाला
संजय सिंह ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि इस फैसले से पूरा देश स्तब्ध है। उन्होंने अचानक इस्तीफा क्यों दिया? प्रधानमंत्री और सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
गोरखपुर में महिला कांस्टेबल का मामला संसद में उठाया जाएगा
गोरखपुर में महिला कांस्टेबल के साथ हुई घटनाओं पर संजय सिंह ने कहा कि इंस्पेक्टर गोस्वामी और उनके साथियों द्वारा सामूहिक बलात्कार की घटनाएं बेहद शर्मनाक हैं। महिला कांस्टेबल के बाथरूम में कैमरे लगाए जा रहे हैं। यह मानवता को शर्मसार करता है।उन्होंने घोषणा की कि वह इस मामले को संसद में जोरदार तरीके से उठाएंगे।