Haryana News: फरीदाबाद में कांग्रेस की दो महिला नेताओं के बीच थप्पड़बाजी, वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हुआ विवाद
हरियाणा के फरीदाबाद में गुरुवार, 8 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की दो महिला नेताओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला थप्पड़बाजी तक पहुंच गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों महिला नेता एक-दूसरे को थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार, बल्लभगढ़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुकीं कांग्रेस नेता पराग शर्मा प्रदर्शन के दौरान पार्टी का झंडा लेकर चल रही थीं। इसी दौरान गजना लांबा भी उनके साथ मौजूद थीं। वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि जब गजना लांबा ने पराग शर्मा से आगे निकलने की कोशिश की, तो पराग ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके जवाब में लांबा ने भी पराग शर्मा को थप्पड़ मार दिया।
मौके पर मौजूद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक और अन्य नेताओं ने दोनों के बीच हस्तक्षेप कर स्थिति को संभालने की कोशिश की। बलजीत कौशिक ने कहा कि दोनों महिला नेताओं के बीच हुए विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
दोनों महिला नेताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ दी शिकायत
इस मामले में पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं। थाना प्रभारी विष्णु मित्तार के मुताबिक, गजना लांबा और पराग शर्मा ने अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रैली के दौरान फोटो हटाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। इसके बाद विवाद बढ़ा और गाली-गलौज के साथ मारपीट हुई।
पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं ने अपनी शिकायतों में विवाद की वजह और पदों से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया है। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले को देखा जा रहा है।
'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत हुआ प्रदर्शन
यह प्रदर्शन कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत आयोजित किया गया था। गुरुवार को इंडिया गठबंधन में शामिल विपक्षी दलों ने हरियाणा के कई स्थानों पर कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान कांग्रेस की हरियाणा इकाई ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में 'काला दिवस' भी मनाया। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने आरोप लगाया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सांसद जब निर्वाचन आयोग से जवाबदेही मांगने पहुंचे, तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
वोट चोरी के आरोपों और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही की मांग को लेकर आयोजित प्रदर्शन के बीच कांग्रेस की दो महिला नेताओं के बीच हुई इस घटना ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।