सदन की गरिमा मत तोड़िए... वेल में हंगामा, काले गमछे और तख्तियों पर भड़के स्पीकर ओम बिरला ने दे डाली चेतावनी, यहां देखे हंगामेदार VIDEO
संसद के चल रहे मानसून सत्र के तीसरे दिन भी सियासी घमासान जारी है। लोकसभा में आक्रामक विपक्ष वेल में आकर हंगामा करने लगा। आसन के सामने काला गमछा लहराया, तख्तियां दिखाईं। काला गमछा एक बार नहीं, बल्कि दो बार लहराया गया। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही में गतिरोध जारी रहा और लोकसभा की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक और फिर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों के आचरण को सड़कछाप बताते हुए निर्णायक कार्रवाई की चेतावनी दी है। दरअसल, हुआ यह कि जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए वेल में आ गए। विपक्ष के कई सदस्यों ने हाथों में तख्तियां पकड़ी हुई थीं, जिन्हें वे आसन के सामने दिखा रहे थे।
इसी बीच, एक सदस्य ने अपना गमछा निकाला, जो काले रंग का था। उस सदस्य ने आसन के सामने अपना काला गमछा लहराना शुरू कर दिया। पहली बार ऐसा तब हुआ जब अध्यक्ष ओम बिरला खुद आसन पर थे। अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों को शालीनता से व्यवहार करने की सलाह दी, निर्णायक कार्रवाई की चेतावनी दी और इसके बाद कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
दोपहर 12 बजे जब सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई, तो उपसभापति पैनल में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संध्या राय आसन पर थीं। सदन में भारी हंगामे के बीच संध्या राय ने आसन से सूचीबद्ध कार्य संभाला, खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक और डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक 2025 पेश किया।
विपक्षी सदस्य आसन के सामने नारे लगा रहे थे और तख्तियां लहरा रहे थे। इस दौरान भी एक विपक्षी सदस्य ने काला तौलिया लहराया। इसके कुछ देर बाद ही आसन से सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करने की घोषणा की गई। इससे पहले, जब राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह अपने नाम के आगे अंकित प्रपत्र सदन पटल पर रख रहे थे, तब उनके सामने भी तख्तियां लहराई गईं। तख्तियों पर 'SIR' लिखा हुआ था।