☰
×

Dalai Lama: केंद्र सरकार ने दिल्ली में आवंटित किया टाइप-7 सरकारी बंगला, तिब्बती संसद ने जताया आभार

 

केंद्र सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु 14वें दलाई लामा को नई दिल्ली के लुटियंस इलाके में एक सरकारी बंगला आवंटित किया है। यह बंगला पंडित रविशंकर शुक्ल लेन पर स्थित है और संसद भवन से करीब तीन किलोमीटर दूर है। विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर दलाई लामा के निजी कार्यालय गादेन फोद्रंग ट्रस्ट को टाइप-7 श्रेणी का यह आवास दिया गया है। हालांकि, केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से इस आवंटन पर अब तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

सरकारी आवासों का आवंटन आमतौर पर तीन साल के लिए किया जाता है। जरूरत के अनुसार इसकी अवधि आगे भी बढ़ाई जा सकती है। इस बंगले के मिलने से दलाई लामा की दिल्ली यात्राओं के दौरान ठहरने की व्यवस्था आसान होने की उम्मीद है।

तिब्बती संसद ने भारत सरकार को कहा धन्यवाद

इस फैसले पर तिब्बती संसद-इन-एक्साइल ने भारत सरकार का आभार जताया है। संसद की अध्यक्ष डोलमा त्सेरिंग ने कहा कि यह दलाई लामा और तिब्बती समुदाय के प्रति भारत के समर्थन का महत्वपूर्ण संकेत है। उनके मुताबिक, नए आवास से दलाई लामा को राजधानी में प्रवास के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उनकी दिल्ली यात्राएं भी सुविधाजनक होंगी।

गादेन फोद्रंग ट्रस्ट दलाई लामा का निजी कार्यालय है। यह उनके आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यों में सहयोग करता है। ट्रस्ट मानवीय मूल्यों, धार्मिक सद्भाव, तिब्बती संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ प्राचीन भारतीय ज्ञान के प्रचार-प्रसार के लिए भी काम करता है।

5 साल की उम्र में घोषित हुए थे 14वें दलाई लामा

14वें दलाई लामा का मूल नाम ल्हामो थोंडुप है। उन्हें तेनजिन ग्यात्सो के नाम से भी जाना जाता है। 22 फरवरी 1940 को उन्हें 14वां दलाई लामा घोषित किया गया था। उस समय उनकी उम्र करीब पांच साल थी।

तिब्बती धार्मिक परंपरा के अनुसार, 1937 में धर्मगुरुओं ने ल्हामो थोंडुप को 13वें दलाई लामा थुबतेन ग्यात्सो का पुनर्जन्म माना था। इसके बाद धार्मिक पहचान से जुड़े परीक्षणों और प्रक्रियाओं के आधार पर उन्हें मान्यता दी गई और उनकी धार्मिक शिक्षा शुरू हुई।

कैसे शुरू हुई दलाई लामा की परंपरा?

दलाई लामा की परंपरा का संबंध तिब्बती बौद्ध धर्म के गेलुग संप्रदाय से है। इसके संस्थापक जे सोंगखापा ने 1409 में एक धार्मिक संस्थान की स्थापना की थी। उनके शिष्य गेंदुन द्रुप को बाद में मरणोपरांत पहले दलाई लामा के रूप में मान्यता दी गई।

17वीं शताब्दी में पांचवें दलाई लामा के नेतृत्व में तिब्बत का राजनीतिक एकीकरण हुआ। इसके बाद दलाई लामा की धार्मिक भूमिका के साथ-साथ राजनीतिक भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई। 13वें दलाई लामा ने 1912 में तिब्बत की स्वतंत्रता की घोषणा की थी।

कैसे खोजा जाता है अगले दलाई लामा का पुनर्जन्म?

तिब्बती बौद्ध परंपरा में दलाई लामा का उत्तराधिकारी सामान्य चुनाव के जरिए नहीं चुना जाता, बल्कि पिछले दलाई लामा के पुनर्जन्म की पहचान करने की प्रक्रिया अपनाई जाती है। मान्यता है कि दलाई लामा अपने अगले जन्म के बारे में संकेत छोड़ सकते हैं।

उनके निधन के बाद वरिष्ठ लामाओं और धार्मिक अधिकारियों की टीम इन संकेतों के आधार पर नए दलाई लामा की तलाश करती है। इस प्रक्रिया में पिछले दलाई लामा के व्यवहार, उनके छोड़े गए संकेतों, सपनों और धार्मिक अनुभवों को महत्व दिया जाता है।

तिब्बत की पवित्र झील ल्हामो ला-त्सो के पास ध्यान और प्रार्थना भी इस परंपरा का हिस्सा माने जाते हैं। मान्यता के अनुसार, वहां से मिले संकेत अगले दलाई लामा की खोज में मदद कर सकते हैं। हालांकि, पुनर्जन्म की पहचान की प्रक्रिया धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं पर आधारित होती है।