×

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का प्रधानमंत्री पर हल्ला बोल, बोले - 'पाकिस्तान तो पहुंच जाते हैं बिना बुलाए, लेकिन मणिपुर के लिए फुर्सत नहीं’

 

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिहार मतदाता सूची सत्यापन (एसआईआर) और मणिपुर मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। ओडिशा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का एजेंडा देश के संविधान को खत्म करना है। उन्होंने कहा, "अगर संविधान खत्म कर दिया गया, तो आपका वोट देने का अधिकार छीन लिया जाएगा। आप खुद देख लीजिए कि महाराष्ट्र में बनी सरकार चोरी की सरकार है।"

पीएम विदेश यात्रा करते हैं, लेकिन मणिपुर नहीं जाते - खड़गे

पीएम मोदी को चुनौती देते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आपमें मणिपुर जाने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी मणिपुर जा सकते हैं, लेकिन पीएम मोदी आज तक मणिपुर नहीं गए। वह विदेश यात्रा करते हैं, लेकिन मणिपुर नहीं जाते। मणिपुर में घर जलाए जा रहे हैं, बच्चों को शिक्षा नहीं मिल रही है, स्कूल बंद हैं, लेकिन प्रधानमंत्री वहां कदम नहीं रख रहे हैं।"

'प्रधानमंत्री मोदी बिन बुलाए पाकिस्तान चले जाते हैं'

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिन बुलाए पाकिस्तान चले जाते हैं, वहाँ के हर नेता को गले लगाते हैं, लेकिन मणिपुर को नज़रअंदाज़ कर देते हैं। प्रधानमंत्री को देश से कोई हमदर्दी नहीं है। उन्हें बस इस बात की चिंता है कि कौन उन्हें बुलाएगा और माला पहनाएगा... मैं किस देश में जाकर सर्वोच्च पुरस्कार ग्रहण करूँगा। प्रधानमंत्री मोदी में न तो मणिपुर जाने की हिम्मत है और न ही वे जाना चाहते हैं।" मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "भाजपा ने लाखों वोटों की हेराफेरी करके महाराष्ट्र में अपनी सरकार बनाई है। भाजपा के लोग बिहार में भी यही करने की कोशिश कर रहे हैं। अगर ऐसा ही चलता रहा, तो लोकतंत्र नहीं बचेगा, इसलिए हमें ऐसे लोगों को सत्ता से हटा देना चाहिए। आज देश में लोकतंत्र है, इसलिए दलितों और आदिवासियों को आरक्षण मिला है।" खड़गे ने भाजपा पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने ओडिशा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "मैं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों का डर खत्म करना चाहता हूँ ताकि वे अपने अधिकारों के लिए लड़ सकें। अगर आप नहीं लड़ेंगे, तो आपको अपने अधिकार नहीं मिलेंगे। हाल ही में ओडिशा में दो दलितों को पीटा गया, उनके बाल काट दिए गए, उन्हें गंदा पानी पीने के लिए मजबूर किया गया और घुटनों के बल चलने पर मजबूर किया गया। भाजपा सरकार में दलितों का यही हाल है। कांग्रेस पार्टी लोगों के अधिकारों के लिए सत्याग्रह कर रही है, लेकिन सरकार सोई हुई है।"