हैदराबाद में बिरयानी प्रोटेस्ट के दौरान कांग्रेस-BRS कार्यकर्ताओं में भिड़ंत: राहुल गांधी का पुतला लगाने पर बढ़ा विवाद, KTR ने कार्रवाई की मांग की
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में गुरुवार को कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। विवाद की शुरुआत BRS के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई। पार्टी ने कांग्रेस सरकार के दो लाख सरकारी नौकरियां देने के वादे को लेकर एक रेस्टोरेंट में 'बिरयानी प्रोटेस्ट' आयोजित किया था।
इस कार्यक्रम में राहुल गांधी का पुतला भी लगाया गया था। यह आयोजन राहुल गांधी की हैदराबाद यात्रा के तीन साल पूरे होने के मौके पर किया गया था। इसी दौरान कांग्रेस और BRS कार्यकर्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
KTR ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाया हमला करने का आरोप
BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकर्ता विरोध कार्यक्रम के दौरान रेस्टोरेंट में पहुंचे और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दो लाख नौकरियों के वादे को लेकर BRS का प्रदर्शन
BRS ने कांग्रेस सरकार को उसके दो लाख सरकारी नौकरियां देने के चुनावी वादे की याद दिलाने के लिए यह प्रदर्शन आयोजित किया था। पार्टी का आरोप है कि सरकार ने युवाओं से किए गए रोजगार के वादे पूरे नहीं किए हैं।
इस विरोध प्रदर्शन में राहुल गांधी का पुतला लगाए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प से राज्य की सियासत में एक बार फिर तनाव देखने को मिला।