CJP Protest: नागपुर में आज संविधान बचाओ आंदोलन, PM मोदी की तस्वीर और मोदी चालीसा से जताया विरोध
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) गुरुवार को महाराष्ट्र के नागपुर में ‘सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन’ कार्यक्रम आयोजित करेगी। यह प्रदर्शन और जनसभा शाम 4 बजे संविधान चौक पर होगी। इससे पहले संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी और सोशल मीडिया पर राजनीतिक सामग्री के साथ भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया।
दीपके ने दावा किया कि जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से ज्यादा पोस्ट हटाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि दूसरे राजनीतिक विचारों वाली पोस्ट को दबाया जा रहा है। विरोध दर्ज कराने के लिए उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी की तस्वीर लगाई और मोदी चालीसा भी बजाई।
चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर उठाए सवाल
अभिजीत दीपके ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियां हो रही हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश को संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के अनुरूप चलना चाहिए।
दीपके ने स्पष्ट किया कि CJP किसी राजनीतिक पार्टी का समर्थन नहीं करती और न ही खुद राजनीतिक दल बनाने की योजना है। संगठन का उद्देश्य रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आम लोगों की बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों को उठाना है।
विदर्भ और मराठवाड़ा में किसानों से करेगी बातचीत
इस कार्यक्रम में अभिनेता प्रकाश राज और CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका भी शामिल होंगे। रांका के मुताबिक, संगठन महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्रों में छह दिवसीय ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान चलाएगा।
इस अभियान के दौरान संगठन के सदस्य किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानेंगे। गोवा में मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद इसे दिल्ली, केरल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी आयोजित करने की योजना है। गोवा में स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से नागरिक घोषणापत्र भी तैयार किया जाएगा।
SIR के खिलाफ कई शहरों में प्रदर्शन
CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के विरोध में भी अभियान चला रही है। संगठन इससे पहले मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली और कोच्चि में प्रदर्शन कर चुका है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भी किया था आंदोलन
CJP ने 19 जून से 25 जुलाई तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। यह आंदोलन NEET पेपर लीक विवाद के बाद शुरू हुआ था। संगठन ने इस दौरान 36 दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया। इस आंदोलन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी भूख हड़ताल पर बैठे थे।