☰
×

CJP Protest: नागपुर में संविधान बचाने के लिए जुटेंगे अभिजीत दीपके और प्रकाश राज, चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल

 

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) गुरुवार को महाराष्ट्र के नागपुर में 'सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन' कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके तहत प्रदर्शन और जनसभा शाम 4 बजे संविधान चौक पर होगी। कार्यक्रम से पहले CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सुबह दीक्षाभूमि पहुंचकर डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी।

दीपके ने कहा कि यह दिन उनके लिए ही नहीं, बल्कि देश के सभी नागरिकों के लिए खास और पवित्र है। उन्होंने लोगों से संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने और इस विषय पर चर्चा करने की अपील की।

इससे पहले बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपके ने चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि दूसरे राजनीतिक विचारों से जुड़े पोस्ट को दबाया जा रहा है। उनके मुताबिक, जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से ज्यादा पोस्ट हटाए गए। विरोध जताने के लिए उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर लगाई और मोदी चालीसा भी बजाई।

CJP बोली- किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं

अभिजीत दीपके ने चुनाव आयोग की भूमिका और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में अनियमितताएं हो रही हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया महज औपचारिकता बनती जा रही है।

दीपके ने कहा कि देश को संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के अनुरूप चलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि CJP किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करती और न ही फिलहाल राजनीतिक पार्टी बनाने की योजना है। संगठन का फोकस रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों पर है।

विदर्भ और मराठवाड़ा में किसानों से संवाद

नागपुर के कार्यक्रम में अभिनेता प्रकाश राज और CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका भी शामिल होंगे। रांका के मुताबिक, संगठन महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्रों में छह दिवसीय 'क्या बोलती पब्लिक' अभियान शुरू करेगा।

इस अभियान के तहत CJP के सदस्य किसानों से बातचीत करेंगे और उनकी समस्याओं को सामने लाने की कोशिश करेंगे। संगठन का कहना है कि गोवा में मिले सकारात्मक रिस्पॉन्स के बाद यह अभियान दिल्ली, केरल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी चलाया जाएगा। गोवा में स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर नागरिक घोषणापत्र तैयार करने की योजना है।

SIR के विरोध में कई शहरों में प्रदर्शन

CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया के विरोध में भी प्रदर्शन कर रही है। संगठन इससे पहले मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली और कोच्चि में विरोध प्रदर्शन कर चुका है।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर भी किया था आंदोलन

CJP ने 19 जून से 25 जुलाई तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। यह आंदोलन NEET पेपर लीक विवाद के बाद शुरू हुआ था। इस दौरान एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी भूख हड़ताल पर बैठे थे।

संगठन के मुताबिक, 36 दिनों तक चले विरोध के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया था। अब CJP संविधान, चुनावी प्रक्रिया और नागरिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर नागपुर में जनसभा करने जा रही है।