×

नीतीश और उनकी पुलिस फ़ोर्स पर चिराग पासवान का जोरदार हमला, बोले - 'और कितने बिहारी मरेंगे?'

 

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार पर सवाल उठाए हैं। चिराग ने शनिवार को ट्वीट कर बिहार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए और पूछा कि और कितने बिहारी हत्याओं का शिकार होंगे। बता दें कि बिहार में आने वाले महीनों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष कानून-व्यवस्था को मुद्दा बना रहा है। वहीं दूसरी ओर, सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दल लोजपा-आर के प्रमुख चिराग भी आपराधिक घटनाओं को लेकर अपनी सरकार को घेरने में लगे हैं।

चिराग का हालिया पोस्ट राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इसमें उन्होंने लिखा, "और कितनी हत्याओं का शिकार होंगे बिहारी? यह समझ से परे है कि बिहार पुलिस की क्या जिम्मेदारी है?" बता दें कि बिहार में हत्या समेत अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार हो रही हैं। हाल ही में पटना में मशहूर कारोबारी गोपाल खेमका की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। दो दिन पहले पटना जिले में ही बालू कारोबारी रमाकांत यादव की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद शुक्रवार रात राजधानी में तृष्णा मार्ट के मालिक विक्रम झा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अन्य जिलों में भी आए दिन हो रही हैं हत्याएँ

बिहार में एक के बाद एक हो रही हत्याओं पर चिराग पासवान ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। हालाँकि, यह पहली बार नहीं है जब चिराग ने अपनी ही सरकार के प्रशासन को घेरा हो। इससे पहले, लोजपा-आर प्रमुख ने मुजफ्फरपुर की एक दलित लड़की के साथ बलात्कार और पटना के पीएमसीएच में समय पर इलाज न मिलने से उसकी मौत के बाद भी नीतीश सरकार को घेरा था। चिराग ने उस घटना को पूरी तरह से व्यवस्था की विफलता बताया था।

आपको बता दें कि लोजपा-आर आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा, जदयू और अन्य दलों के साथ एनडीए में रहकर लड़ेगी। चिराग पासवान भी केंद्रीय राजनीति से निकलकर बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। वह लगातार इलाकों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने आरा, राजगीर, छपरा में रैलियाँ की हैं। एनडीए में सीट बंटवारे से पहले वह सहयोगी दलों को ताकत दिखाने में जुटे हैं।