चंद्रशेखर आजाद का बड़ा ऐलान- सरकार बनी तो मुस्लिम और पिछड़े वर्ग से होंगे दो डिप्टी CM
उत्तर प्रदेश की राजनीति में आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने नए राजनीतिक दांव के साथ अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की है। संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ के रमाबाई मैदान में आयोजित संयुक्त रैली में उन्होंने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने वादा किया कि अगर उनकी सरकार बनती है तो पहली कैबिनेट बैठक में युवाओं को पक्की नौकरी देने का फैसला लिया जाएगा।
चंद्रशेखर आजाद ने सरकार बनने पर दो उपमुख्यमंत्री बनाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इनमें एक मुस्लिम समुदाय से और दूसरा पिछड़े वर्ग से होगा। रैली में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं की संयुक्त रैली में बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे।
विनोद साहनी की पत्नी को चुनाव लड़ाने का ऐलान
रैली के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने महाराजगंज में मारे गए विनोद साहनी की पत्नी आशा साहनी को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की। विनोद साहनी की हत्या के बाद मंत्री संजय निषाद ने धरना दिया था। चंद्रशेखर ने आशा साहनी को चुनाव लड़ाने का ऐलान करते हुए इस मामले को राजनीतिक मुद्दा भी बनाया।
योगी सरकार के विकास के दावों पर उठाए सवाल
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि 2017 में जेल से बाहर आने के बाद उत्तर प्रदेश में एक राजनीतिक गठबंधन बना था, जिसका उन्होंने समर्थन किया था। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और बहुजन नेता कांशीराम का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान कितना भी अच्छा हो, अगर उसे लागू करने वाले लोग सही नहीं होंगे तो उसका गलत इस्तेमाल हो सकता है।
उन्होंने प्रदेश सरकार के 'सबका साथ, सबका विकास' नारे पर सवाल उठाए। चंद्रशेखर ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में करीब पांच करोड़ लोग गरीबी में जीवन गुजार रहे हैं और 25 हजार से ज्यादा स्कूल बंद किए जा चुके हैं। उन्होंने देश में 81 करोड़ लोगों को सस्ता राशन मिलने का जिक्र करते हुए कहा कि बड़ी आबादी अब भी आर्थिक रूप से कमजोर है।
दलितों और मुसलमानों पर अत्याचार का मुद्दा उठाया
नगीना सांसद ने प्रदेश में दलितों और मुसलमानों के खिलाफ अत्याचार का आरोप लगाया। उन्होंने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों का हवाला देते हुए योगी सरकार को घेरा। उनका आरोप था कि प्रदेश में एनकाउंटर के दौरान पिछड़े और दलित समुदाय के लोगों को निशाना बनाया गया है।
चंद्रशेखर ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की बात कर रही है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं कर रही कि इनमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के कितने लोग शामिल हैं।
उन्होंने उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय के मामले में 24वें स्थान पर होने का दावा करते हुए इसे प्रदेश के विकास की वास्तविक स्थिति बताया।
सपा और भाजपा दोनों पर साधा निशाना
चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा के साथ समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने बहुजन समाज के लोगों से कहा कि वे दोनों दलों को वोट देने से पहले उनके कामकाज पर विचार करें। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारों ने बहुजन महापुरुषों के नाम पर बने स्मारकों और कॉलेजों के नाम बदलने का काम किया है।
डिप्टी सीएम बनाने के ऐलान पर उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय का व्यक्ति सिर्फ मंच पर दरी बिछाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उसे सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी। इसी तरह पिछड़े वर्ग से भी एक नेता को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा।
अपने भाषण के अंत में चंद्रशेखर ने कहा कि यह लड़ाई केवल राजनीतिक पदों की नहीं, बल्कि सम्मान और अधिकारों की है। रैली में किए गए इन ऐलानों के जरिए उन्होंने दलित, मुस्लिम और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं को एक साथ जोड़ने का संदेश देने की कोशिश की।