☰
×

Chandigarh MC Election: भाजपा की पहली सूची जारी, 23 वार्डों में प्रत्याशियों का ऐलान; 23 दिसंबर को वोटिंग

 

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की केंद्रीय चुनाव समिति ने 35 वार्डों वाले नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। चुनाव में 23 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि 26 दिसंबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।

चंडीगढ़ के राज्य निर्वाचन आयुक्त विजय कुमार देव ने शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। इसके साथ ही सभी 35 वार्डों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। करीब पांच साल बाद हो रहे इन चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

3 दिसंबर तक दाखिल किए जा सकेंगे नामांकन

निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, उम्मीदवार 26 नवंबर से 3 दिसंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 4 दिसंबर को होगी। वहीं, उम्मीदवारों के पास 7 दिसंबर तक अपना नाम वापस लेने का मौका रहेगा।

इसके बाद चुनाव प्रचार अभियान और तेज होने की उम्मीद है। फिलहाल चंडीगढ़ नगर निगम में भाजपा का बहुमत है।

4.60 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान

नगर निगम चुनाव में 4.60 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतदाता सूची के मुताबिक, इनमें 2,34,516 पुरुष, 2,25,671 महिलाएं और 22 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

मतदाताओं में 100 वर्ष से अधिक उम्र के 23 लोग और 85 वर्ष से ज्यादा उम्र के 9,177 मतदाता भी हैं।

चुनाव के लिए बनाए जाएंगे 576 मतदान केंद्र

राज्य निर्वाचन आयुक्त के अनुसार, सभी 35 वार्डों में मतदान कराने के लिए कुल 576 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। आयोग ने फिलहाल चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र की मौजूदा मतदाता सूची को ही नगर निगम चुनाव के लिए अपनाया है।भाजपा की पहली सूची जारी होने के बाद अब अन्य राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों और चुनावी रणनीति पर भी नजर रहेगी। 23 दिसंबर को होने वाला मतदान तय करेगा कि अगले कार्यकाल में चंडीगढ़ नगर निगम की कमान किस पार्टी के हाथ में जाती है।