BREAKING:Abhijit Deepke Arrested: अभिजीत दीपके गिरफ्तार, आज कोर्ट में होगी पेशी; नेहा बोरा को पुलिस ने छोड़ा
दिल्ली में ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली से पहले हिरासत में लिए गए कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उन्हें शनिवार को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा। पिछले आठ दिनों में दीपके के खिलाफ यह दूसरी बार पुलिस कार्रवाई हुई है।
तिरंगा रैली से पहले हिरासत में लिए गए थे दीपके
अभिजीत दीपके को शुक्रवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस में आयोजित होने वाली ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली से पहले हिरासत में लिया गया था। इस दौरान पुलिस ने अन्य प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया। दीपके के खिलाफ इससे पहले 10 अक्टूबर को भी कार्रवाई हुई थी, जब उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से हिरासत में लिया गया था। हालांकि, अगले दिन उन्हें रिहा कर दिया गया था।
AISA अध्यक्ष नेहा बोरा भी हिरासत में ली गई थीं
इसी मामले में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा समेत करीब 150 लोगों को शुक्रवार को हिरासत में लिया गया था। दिल्ली पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 5 बजे नेहा बोरा को रिहा कर दिया।
पुलिस के अनुसार, नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत हिरासत से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद छोड़ा गया।
अभिजीत दीपके की गिरफ्तारी पर नजर
नेहा बोरा की रिहाई के बाद अब अभिजीत दीपके की गिरफ्तारी और अदालत में पेशी पर सबकी नजर है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उन्हें स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। अदालत में पेशी के दौरान मामले से जुड़ी आगे की कानूनी प्रक्रिया स्पष्ट हो सकती है।
फिलहाल, अभिजीत दीपके की गिरफ्तारी के आधार और अदालत की कार्यवाही से जुड़ी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।