☰
×

BJP Padyatra: बरेली में आज भाजपा की 2.15 KM पदयात्रा, जेपी नड्डा और केशव मौर्य होंगे शामिल; 25 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा

 

उत्तर प्रदेश के बरेली में मंगलवार को भाजपा विपक्ष के खिलाफ ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालेगी। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल होंगे। भाजपा ने दावा किया है कि इस कार्यक्रम में बरेली मंडल की सभी विधानसभा सीटों से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता पहुंचेंगे।

दोपहर 12:30 बजे बरेली पहुंचेंगे दोनों नेता

जेपी नड्डा और केशव प्रसाद मौर्य दोपहर 12:30 बजे बरेली पहुंचेंगे। सबसे पहले राजेंद्र नगर स्थित स्वयंवर बारातघर में जनसभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद यहीं से करीब 2.15 किलोमीटर लंबी पदयात्रा शुरू होगी।

यह यात्रा बांके बिहारी मंदिर और सील चौराहे से होते हुए शहीद पंकज अरोड़ा चौक तक पहुंचेगी। कार्यक्रम में मंडल के सांसद, विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष भी शामिल होंगे। दोनों नेता करीब तीन घंटे बरेली में रुकेंगे और दोपहर 3:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

25 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा

पदयात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने स्वयंवर बारातघर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, सांसद छत्रपाल गंगवार, एमएलसी एवं महानगर प्रभारी रजनीकांत माहेश्वरी, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, गुलशन आनंद, बंटी ठाकुर और अंकित माहेश्वरी सहित कई नेता मौजूद रहे।

विपक्ष की राजनीति के खिलाफ संदेश देने की तैयारी

एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी ने बताया कि पदयात्रा का उद्देश्य विपक्ष की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जनता तक संदेश पहुंचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष भाजपा सरकार के फैसलों पर बेबुनियाद आरोप लगाता है। पदयात्रा के जरिए पार्टी इन आरोपों का जवाब देगी।

शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

कार्यक्रम को देखते हुए मंगलवार सुबह 7 बजे से आयोजन समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। परसाखेड़ा रोड नंबर-1, विल्वा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्टनगर, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ से भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

दिल्ली और रामपुर से बदायूं जाने वाले वाहनों को झुमका तिराहा, बड़ा बाईपास, विल्वा, विलयधाम, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज और देवचरा होते हुए भमोरा भेजा जाएगा। वहीं, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से बदायूं जाने वाले भारी वाहनों को भी इसी वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाएगा।