UP में 'बिहार मॉडल' तो पंजाब में 'हरियाणा फॉर्मूला'? BJP ने विनोद तावड़े और सतीश पूनिया को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और मजबूत करने के लिए देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी की इस सूची में उन राज्यों पर भी खास ध्यान दिया गया है, जहां आने वाले महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं।
बीजेपी ने उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी विनोद तावड़े को, उत्तराखंड का प्रभार राम माधव को और पंजाब की जिम्मेदारी सतीश पूनिया को दी है। इन नियुक्तियों के साथ पार्टी ने अलग-अलग राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां तय की हैं।
इसके अलावा असम, बिहार, गुजरात, हरियाणा, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के लिए भी प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।सूची के मुताबिक अंडमान-निकोबार में जय प्रकाश, अरुणाचल प्रदेश में डॉ. देवेश कुमार और आंध्र प्रदेश में डॉ. अरविंद भदौरिया को प्रभारी बनाया गया है। आंध्र प्रदेश में वनथी श्रीनिवासन को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है।
असम में मंगल पांडे प्रभारी होंगे, जबकि फांग्नोन कोन्याक और मनोज टिग्गा सह-प्रभारी बनाए गए हैं। बिहार में हरीश द्विवेदी को प्रभारी और संगीता यादव तथा रोहन गुप्ता को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
छत्तीसगढ़ में स्मृति ईरानी को प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी बनाया गया है। दिल्ली की जिम्मेदारी विनय सहस्त्रबुद्धे को मिली है, जबकि जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शाना बेन जरदोश सह-प्रभारी होंगी।
गुजरात में तरुण चुघ प्रभारी बनाए गए हैं, जबकि अजय महावर और गोमती साई सह-प्रभारी होंगे। हरियाणा में स्मृति ईरानी को प्रभारी और डॉ. भोला सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है।
हिमाचल प्रदेश में श्रीकांत शर्मा प्रभारी और दर्शाना सिंह सह-प्रभारी होंगी। जम्मू-कश्मीर में सतीश पूनिया को प्रभारी और रीना कश्यप को सह-प्रभारी बनाया गया है। झारखंड में गजेंद्र पटेल को प्रभारी और निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है।
कर्नाटक में हरीश द्विवेदी प्रभारी और कसम वेंकटेश्वरलू सह-प्रभारी होंगे। केरल में एम. नागराजा को प्रभारी और एम. वेंकटेशन को सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं लद्दाख की जिम्मेदारी राजकुमार भाटिया और लक्षद्वीप का प्रभार जॉर्ज कुरियन को सौंपा गया है।बीजेपी की इस नई नियुक्ति सूची को पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। खास तौर पर आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में नियुक्त किए गए प्रभारियों की भूमिका पर राजनीतिक नजरें रहेंगी।