☰
×

Bharat Summit 2026: हैदराबाद में जुटेंगे 70 देशों के प्रतिनिधि, राहुल गांधी गिग वर्कर्स से करेंगे मुलाकात

 

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में शुक्रवार से दो दिवसीय भारत समिट 2026 का आयोजन शुरू होने जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में करीब 70 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। समिट के दौरान वैश्विक चुनौतियों, मौजूदा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों, विकास और रोजगार जैसे विषयों पर चर्चा होगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी 14 नवंबर को सम्मेलन के दूसरे दिन हैदराबाद पहुंचेंगे।

तेलंगाना के IT और इंडस्ट्रीज मंत्री डी. श्रीधर बाबू के मुताबिक, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य में निवेश को बढ़ावा देना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। सम्मेलन में वैश्विक नेता, नीति विशेषज्ञ और प्रगतिशील विचारक शामिल होंगे। इसके जरिए तेलंगाना को अपना मजबूत IT और औद्योगिक ढांचा दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

गिग वर्कर्स के कार्यक्रम में शामिल होंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी 14 नवंबर को हैदराबाद में गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, कैब ड्राइवर और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के साथ बातचीत करेंगे। वर्कर्स अपनी समस्याओं, मांगों और कामकाज से जुड़ी चुनौतियों को उनके सामने रखेंगे।

यह कार्यक्रम हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (HICC) के पास आयोजित होगा। इसके साथ ही गिग वर्कर्स की रैली भी निकाली जाएगी। कार्यक्रम में कर्मचारियों के कल्याण के लिए वेलफेयर बोर्ड की शुरुआत भी प्रस्तावित है। इसके माध्यम से राज्य में गिग वर्कर्स के लिए सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने की व्यवस्था की जाएगी।

सामाजिक सुरक्षा से लेकर दुर्घटना बीमा तक पर चर्चा

कार्यक्रम में गिग वर्कर्स से जुड़े कई अहम मुद्दों पर ध्यान दिया जाएगा। इनमें दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार सुरक्षा, श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन और शिकायतों के निपटारे जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा कर्मचारियों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।

तेलंगाना में लागू हो चुका है गिग वर्कर्स का कानून

तेलंगाना सरकार ने ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए काम करने वाले कर्मचारियों के अधिकारों और सुरक्षा के लिए तेलंगाना प्लेटफॉर्म-बेस्ड गिग वर्कर्स (रजिस्ट्रेशन, सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर) एक्ट, 2026 बनाया है। यह कानून 2 जून 2026 से लागू हो चुका है। अब 14 नवंबर को इसके तहत तैयार किए गए नियमों की अधिसूचना जारी की जाएगी।

इस कानून का उद्देश्य गिग वर्कर्स को औपचारिक पहचान देना और उनके लिए सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं विकसित करना है।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान किया था वादा

तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (TGPWU) के संस्थापक और प्रदेश अध्यक्ष शेख सलाउद्दीन ने राहुल गांधी के दौरे को कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण बताया है। उनके अनुसार, भारत जोड़ो यात्रा और बाद के चुनावी अभियानों के दौरान गिग वर्कर्स के कल्याण के लिए कदम उठाने का भरोसा दिया गया था।

अब कानून के नियमों और वेलफेयर बोर्ड को अधिसूचित करने की तैयारी को उसी दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। यूनियन के मुताबिक, रैली में किसी राजनीतिक संगठन की भागीदारी नहीं होगी। इसमें गिग वर्कर्स अपनी खुशी जाहिर करने और उनके कल्याण के लिए उठाए जा रहे कदमों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए शामिल होंगे।