Assam Politics: गुवाहाटी में CJP की बैठक से पहले आशुतोष रांका हिरासत में, रिहाई के बाद CM हिमंत को दी चुनौती
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता आशुतोष रांका को लेकर असम की राजनीति में नया विवाद सामने आया है। रांका रविवार, 27 सितंबर को गुवाहाटी पहुंचे थे, जहां उन्हें पार्टी की बैठक में शामिल होना था। दावा है कि बैठक से पहले पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
रिहाई के बाद रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को संबोधित करते हुए अपनी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चुनौती दी।
रिहाई के बाद रांका की पोस्ट
हिरासत से बाहर आने के बाद आशुतोष रांका ने X पर लिखा कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में रखने के बाद छोड़ दिया। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, "हिमंत बिस्वा सरमा, असम के कॉकरोचों ने अभी सिर्फ शुरुआत की है।"
रांका ने पोस्ट के साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वह कुछ लोगों के साथ खाना खाते हुए नजर आ रहे हैं। उनकी इस पोस्ट के बाद मामले ने सोशल मीडिया पर भी चर्चा का रूप ले लिया।
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने भी दी प्रतिक्रिया
CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने भी रांका की हिरासत को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने X पर लिखा कि वह भी अगले दिन पुलिस स्टेशन में होने वाले प्रदर्शन में रांका के साथ शामिल होने वाले थे।
इससे पहले रांका ने आरोप लगाया था कि उन्हें पुलिस ने अवैध तरीके से हिरासत में लिया था।
बैठक से पहले 40 से ज्यादा कार्यकर्ता हिरासत में
रिपोर्ट के मुताबिक, रांका के साथ CJP के 40 से अधिक कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था। बताया गया कि सभी लोग गुवाहाटी में होने वाली बैठक से पहले असम जातीय परिषद (AJP) नेता कुंकी चौधरी के चौधरी टीला स्थित आवास पर मौजूद थे।
पुलिस इन लोगों को बाद में शहर के काहिलीपाड़ा इलाके में स्थित असम पुलिस की 10वीं बटालियन के मुख्यालय ले गई।
हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। बैठक को रोके जाने और हिरासत में लिए जाने की परिस्थितियों को लेकर CJP की ओर से अलग-अलग दावे किए गए हैं।