×

अशोक राम का कांग्रेस से नाता टूटा, 6 बार विधायक रह चुके नेता का जेडीयू में आना क्या बदलेगा समीकरण?

 

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक राम अब जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल हो गए हैं। बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में अशोक राम का दल बदलना काफी अहम माना जा रहा है। अभी तक अशोक राम बिहार में कांग्रेस के अध्यक्ष थे। अशोक राम कांग्रेस में एक बड़ा दलित चेहरा थे। अशोक राम ने रविवार को JDU की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, मंत्री विजय चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री रत्नेश सदा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा मौजूद रहे।

नीतीश के संकल्प को साकार करने की बात कही

JDU की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अशोक राम ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों और नेतृत्व से प्रभावित होकर JDU में शामिल हुआ हूँ। आज का दिन मेरे राजनीतिक जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ है। मुझे लगता है कि बिहार को आज नीतीश कुमार जैसे अनुभवी और विकासोन्मुखी नेता की जरूरत है। 2025 में 'नीतीश फिर से' के संकल्प को साकार करना है।

पिता भी 7 बार विधायक रहे
अशोक राम बिहार कांग्रेस के कद्दावर नेता माने जाते हैं। वे 6 बार विधायक, कांग्रेस विधायक दल के नेता, कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा, वे कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) और केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) के सदस्य भी रह चुके हैं। अशोक राम वर्ष 2000 में राबड़ी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी बने थे। अशोक राम के पिता बालेश्वर राम 1952 से 1977 तक 7 बार विधायक चुने गए थे। वे केंद्र में भी मंत्री रहे। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के मंत्रिमंडल में उन्हें राज्य मंत्री बनाया गया था।