☰
×

Akhilesh Yadav Gorakhpur Rally: अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, बोले- गोरखपुर में स्पेन और वेनिस के सपने दिखाए; स्कूल बंद, ठेके खुले

 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार, 18 नवंबर को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर जमकर निशाना साधा। चौरीचौरा में आयोजित जनसभा के दौरान उन्होंने विकास, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। भाजपा पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि गोरखपुर आकर ऐसा लग रहा है, जैसे वह यूरोप पहुंच गए हों। यहां भाजपा के झूठे वादों वाला स्पेन और वेनिस भी दिखाई दे रहा है।

अखिलेश यादव ने अजय सिंह टप्पू के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने एयरपोर्ट से चौरीचौरा तक करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। रास्ते में कई जगह उनका स्वागत किया गया।

कानून-व्यवस्था और बिजली के मुद्दे पर घेरा

जनसभा में अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और गोरखपुर में हालात सबसे ज्यादा चिंताजनक हैं। उन्होंने पुलिस पर अन्याय और एक ब्राह्मण परिवार के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गोरखधंधा चल रहा है और आम लोगों को न्याय नहीं मिल रहा।

शिक्षा और शराब की दुकानों का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने दावा किया कि प्रदेश में 36 हजार स्कूल बंद किए गए, जबकि 27 हजार शराब के ठेके खोले गए। बिजली के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार ने बिजली उत्पादन और नए कारखानों को लेकर पर्याप्त काम नहीं किया, लेकिन बिजली की दरें बढ़ाई हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके भाषण के दौरान इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई।

परिवारवाद के आरोपों पर दिया जवाब

परिवारवाद को लेकर भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि विरासत में सत्ता मिल सकती है, लेकिन बुद्धि नहीं मिल सकती। उन्होंने भाजपा नेतृत्व पर भी परिवार और राजनीतिक विरासत के सहारे आगे बढ़ने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने परिवारवाद की राजनीति पर सवाल उठाए हैं, उनकी अपनी राजनीतिक यात्रा में भी परिवार और विरासत की भूमिका रही है। अखिलेश ने नेताओं के तेजी से हुए राजनीतिक प्रमोशन पर भी सवाल खड़े किए।

मुख्यमंत्री योगी पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश ने उनके मठ के उत्तराधिकारी बनने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्षों से मठ से जुड़े कई साधु-संतों के बावजूद एक ऐसे व्यक्ति को उत्तराधिकारी बनाया गया, जो कुछ ही समय पहले वहां आया था।

अखिलेश ने इस चयन के पीछे योग्यता और परिस्थितियों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उन्हें नकली संत तक कहा। यह टिप्पणी उनके राजनीतिक हमले का हिस्सा रही।

चौरीचौरा के इतिहास और 2027 चुनाव का किया जिक्र

अखिलेश यादव ने चौरीचौरा के ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में यहां के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन के दौरान चौरीचौरा की घटना ने देश के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी थी। उन्होंने अमर बलिदानी बंधु सिंह का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू हो चुकी है। गोरखपुर की स्थिति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कुछ घंटे की बारिश में ही घरों में पानी भर गया था। सरकार ने गोरखपुर में मेट्रो चलाने का वादा किया था, लेकिन आज लोगों को नाव से सफर करना पड़ रहा है।

स्कूल बंदी और शिक्षक भर्ती को लेकर उठाए सवाल

सपा प्रमुख ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर जिले में 500 स्कूल बंद हुए हैं और पूरे उत्तर प्रदेश में 36 हजार स्कूल बंद किए गए हैं। उनका कहना था कि गांवों में स्कूल बंद होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी।

अखिलेश ने 69 हजार शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाते हुए भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। पेपर लीक की घटनाओं और आरक्षण में कथित भेदभाव को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 20 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं।

किसानों के लिए खाद और रोजगार का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने किसानों को खाद की उपलब्धता को लेकर भी सरकार से सवाल किए। उन्होंने कहा कि किसानों को डीएपी खाद समय पर नहीं मिल रही है, जबकि उसकी कीमत और पैकेट में मिलने वाली मात्रा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने वादा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को पक्की नौकरी और पक्की वर्दी देने की दिशा में काम किया जाएगा। उनके मुताबिक, रोजगार और किसानों की समस्याएं आगामी चुनाव में अहम मुद्दे होंगे।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की तारीफ, गोरखपुर लिंक पर सवाल

अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान बने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का जिक्र किया। उन्होंने इसे देश के बेहतरीन एक्सप्रेसवे में से एक बताते हुए कहा कि इसे रिकॉर्ड समय में तैयार किया गया था।

इसके साथ ही उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता और निर्माण लागत पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि करीब 90 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे के निर्माण पर 7 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए। अखिलेश ने ठेके और चंदे के लेनदेन को लेकर मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए सरकार पर आरोप लगाए।

अपने भाषण के अंत में उन्होंने BRD मेडिकल कॉलेज में बच्चों की मौत के मामले सहित कई मुद्दों का जिक्र किया और भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।