प्रधानमंत्री मोदी के वीडियो संदेश का कमाल, इंस्टाग्राम पर रातोंरात जुड़े एक मिलियन फॉलोअर्स
नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोशल मीडिया पर जलवा लगातार बरकरार है। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार रात अपने एक वीडियो संदेश के बाद इंस्टाग्राम पर रातोंरात लगभग 1 मिलियन (दस लाख) फॉलोअर्स हासिल कर लिए हैं। इससे यह पता चलता है कि सोशल मीडिया यूजर्स के बीच उनका क्रेज लगातार बना हुआ है।
सोशल मीडिया की दुनिया में प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। गुरुवार रात इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए उनके नए वीडियो को देश और दुनियाभर से जबरदस्त समर्थन और प्रतिक्रिया मिली है। वीडिया वायरल होते ही केवल 24 घंटे में ही पीएम मोदी के इंस्टाग्राम हैंडल पर करीब 10 लाख नए फॉलोअर्स जुड़ गए।
रिसर्च एवं आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स का ऐतिहासिक आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले और एकमात्र राजनेता हैं।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार की देर रात एक वीडियो संदेश जारी कर देश के युवाओं और आम लोगों को संबोधित किया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार कड़ी कार्रवाई करने के पक्ष में है। उन्होंने इससे जुड़े एक मसौदे के शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट की मीटिंग में पेश करने की बात भी कही थी।
उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि पेपर लीक मामूली विषय नहीं है। यह लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए बहुत ही पीड़ादायक है, इसलिए पेपर लीक की घटना से निपटने को लेकर अब तक पिछले ढाई महीने में अनेक कदम उठाए गए। गुनाहगारों को पकड़ा गया है, वे जेल में हैं। हमारा सबसे महत्वपूर्ण जिम्मा था कि छात्रों का एक साल बर्बाद न हो।
उन्होंने आगे कहा कि तत्काल परीक्षा लेना जरूरी था। सरकार ने पूरी शक्ति का प्रयोग करके कम से कम समय में 22 लाख छात्रों की परीक्षा का प्रबंध किया। 5 से 6 दिन पहले, 19 को नतीजे भी आ गए। देश भर में पास हुए छात्रों की खुशियों की खबरें भी आ रही हैं। लेकिन हम संतोष मानने वाले लोगों में से नहीं हैं, इसलिए मैंने आज विभागों को निर्देश दिए थे। आज विभागों ने लगातार मेहनत करके देर रात अपने मसौदे दे दिए।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि कैबिनेट के साथियों के सुझाव के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। सोमवार से संसद का दूसरा सप्ताह शुरू हो रहा है, तब जल्द से जल्द इस बिल को सदन में पारित कराने का प्रयास किया जाएगा।
--आईएएनएस
एमएस/एबीएम