×

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद, संगठित गिरोह चला रहा था

 

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद, संगठित गिरोह चला रहा था ग्रेटर नोएडा, 26 मार्च (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, दिनांक 25 मार्च 2026 को थाना सूरजपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे अभियुक्त अभिषेक गौतम उर्फ रवि को ग्राम खेड़ी कट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए डीसीपी सेंट्रल नोएडा द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पूछताछ में सामने आया है कि अभियुक्त अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चलाता था। यह गिरोह मुख्य रूप से घरों में घुसकर चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ सूरजपुर थाने में कई संगीन धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत भी इनके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक गौतम उर्फ रवि (31 वर्ष) पुत्र गोविंद निवासी गौतमपुरी, कस्बा एवं थाना दादरी, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ वर्ष 2025 और 2026 में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक धाराओं में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आईएएनएस पीकेटी