‘जीरो’ हैं या ‘हीरो’, पास हैं या फेल, जनता तय करेगी : मुख्तार अब्बास नकवी
नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की 152 विधानसभा सीटों पर पहले चरण के तहत रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुई। चुनाव आयोग के अनुसार, शाम 6 बजे तक करीब 90 फीसदी मतदान हुआ है। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि चुनाव एक परीक्षा है। इस परीक्षा में कौन पास होगा और कौन फेल, जनता तय करेगी।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों को लेकर कहा कि चुनाव एक परीक्षा की तरह होते हैं, जिसमें राजनीतिक दल उम्मीदवार के रूप में शामिल होते हैं और जनता परीक्षक की भूमिका निभाती है।
नकवी ने कहा कि आप जितनी मेहनत करते हैं, आपकी नीतियां और कार्यक्रम कितने बेहतर हैं। इसी आधार पर जनता आपके प्रदर्शन का मूल्यांकन करती है और आपको नंबर देती है। जनता ही तय करती है कि आप ‘जीरो’ हैं या ‘हीरो’, पास हैं या फेल।
उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नकवी ने कहा कि चुनाव बिना किसी डर के, स्वतंत्र और निष्पक्ष माहौल में संपन्न होने चाहिए तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा की गई सभी व्यवस्थाओं का पूरी ईमानदारी से पालन किया जाना चाहिए।
नकवी ने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि जब बंगाल में संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति खुद आपराधिक गतिविधियों में शामिल होता है, तो इससे अपराधियों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ये व्यवस्थाएं स्वतंत्र और भयमुक्त माहौल में मतदान सुनिश्चित करती प्रतीत होती हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विवादित टिप्पणी पर पलटवार करते हुए भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी समस्या यह है कि वह आतंकवाद पर नरमी दिखाती है और राष्ट्रवाद पर गरमी दिखाती है। कांग्रेस के लिए यही सबसे बड़ा संकट है। आप कब तक मोदीफोबिया की बीमारी से ग्रस्त रहेंगे, पीएम मोदी को जितना कोसेंगे, आपका बेडागर्क उतना ही होगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम