×

'सड़कों पर कानून का डर ज़ीरो!' गुरुग्राम हिट एंड रन केस में सिया का कड़ा रुख, बोलीं— 'लापरवाही से रोज दम तोड़ रही हैं बेटियां'

 

गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर हुए चर्चित हिट एंड रन मामले में घायल बाइक सवार सिया ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सिया का आरोप है कि कार में सवार लोग काफी देर तक उनका पीछा कर रहे थे और उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था। उनका दावा है कि बाइक की रफ्तार कम होते ही कार ने पीछे से उन्हें टक्कर मारी।

सिया ने कहा कि उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दे दी है और मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसे मामलों में कानून का डर नहीं होगा, तब तक सड़क पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ऐसी घटनाएं सामने आती रहेंगी।

कार में सवार थे चार लोग

सिया के मुताबिक, कार में चार लोग मौजूद थे। उन्होंने बताया कि कार लगातार उनके पीछे चल रही थी। जब भी उनकी बाइक की रफ्तार कम होती, कार सवार पीछे से टक्कर मारने की कोशिश करते थे।

सिया ने बताया कि उन्होंने कार सवारों को दूर रहने का इशारा भी किया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पीछा करना नहीं छोड़ा। उनका कहना है कि उन्होंने पुलिस को आरोपियों से जुड़ी जरूरी जानकारी और अपना बयान उपलब्ध करा दिया है।

'आरोपियों पर हत्या के प्रयास का केस हो'

सिया ने मांग की है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क पर महिलाओं का पीछा करना और उन्हें परेशान करना कोई छोटी या अकेली घटना नहीं है।

उनके मुताबिक, कई महिला बाइक सवारों को सड़क पर इसी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कुछ लोग जानबूझकर उनका पीछा करते हैं और उन्हें डराने या परेशान करने की कोशिश करते हैं। सिया ने कहा कि अगर ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में दूसरे लोग भी इसका शिकार हो सकते हैं।

हेलमेट और सेफ्टी गियर ने बचाई जान

हादसे में सिया को घुटनों और हाथों में चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि हेलमेट और सुरक्षा से जुड़े दूसरे सामान की वजह से उनकी जान बच सकी।

घटना के बाद उन्होंने ऐसे मामलों का सामना करने वाले लोगों से चुप न रहने और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की।

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले में गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी लवनीश गुर्जर की गिरफ्तारी की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपी चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी है। इस मामले में दोष साबित होने पर गंभीर सजा का प्रावधान है।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

यह घटना रविवार को गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक सफेद सेडान कार अचानक दाईं ओर मुड़ती दिखाई देती है और सिया की बाइक को टक्कर मार देती है।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेलमेट पहने सिया सड़क पर गिर गईं। उनकी अप्रिलिया RS 457 बाइक काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई और उससे चिंगारियां निकलती हुई दिखाई दीं।

हादसे के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सबूतों के आधार पर जांच तेज कर दी। सिया की मांग है कि इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में सड़क पर इस तरह महिलाओं को परेशान करने वालों में कानून का डर पैदा हो।