☰
×

जेलेंस्की और रुबियो की वार्ता, बैलिस्टिक मिसाइल इंटरसेप्टर और स्टारलिंक बहाली पर हुई अहम चर्चा

 

कीव, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने यूक्रेन की मदद के ल‍िए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का आभार व्‍यक्‍त क‍िया। जेलेंस्‍की ने बताया क‍ि रुबियो से मेरी बातचीत काफी गंभीर और महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित रही।

उन्‍होंने बताया क‍ि इस बातचीत के दौरान बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने वाले इंटरसेप्टर, रूसी हमलों की पूर्व चेतावनी प्रणाली और स्टारलिंक/स्टारशील्ड की बहाली जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मार्को रुबियो से हुई वार्ता और अमेर‍िका से म‍िली मदद की जानकारी साझा की।

जेलेंस्‍की ने पोस्‍ट में लिखा, ''मार्को रुबियो की मदद करने की इच्छा और उनके स्पष्ट रुख के लिए आभारी हूं। चर्चा के दौरान हमने सबसे पहले, बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने वाले इंटरसेप्टरों की जरूरत पर बात की, क्योंकि वे लोगों की जान बचाने के लिए बेहद जरूरी हैं।''

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने बताया क‍ि इस दौरान रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमलों की पहले से चेतावनी देने वाली व्यवस्था पर चर्चा हुई, जो सुरक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इसके अलावा स्टारलिंक/स्टारशील्ड की स्थिति पर बात हुई, जिसे फिर से बहाल किए जाने की जरूरत है।

जेलेंस्‍की ने कहा क‍ि ये सारी बातें हमारे उन कूटनीतिक प्रयासों के साथ जुड़ी हुई हैं जिनका उद्देश्य इस भयानक युद्ध को खत्म करना और लोगों की लगातार हो रही मौतों को रोकना है।

उन्‍होंने कहा क‍ि हम इस बात पर सहमत हुए कि जल्द ही फिर से संपर्क करेंगे और स्थिति की नई जानकारी साझा करेंगे। रचनात्मक और सकारात्मक चर्चा के लिए मार्को रुबियो का धन्यवाद। और अमेरिका में उन सभी लोगों का भी धन्यवाद जो निष्पक्ष और न्यायसंगत समाधान का समर्थन करते हैं।

इससे पहले जेलेंस्‍की बार-बार अमेर‍िका से रूस पर दबाव बढ़ाने की अपील कर रहे थे। यूक्रेन में रूस के हमले लगातार जारी हैं। जेलेंस्‍की सोमवार रात हुए क्रूर हमले के बाद भी अमेरिका से गुहार लगा रहे थे क‍ि लोगों की जान बचाना सबसे जरूरी है। यूक्रेन को मदद की जरूरत है।

उन्‍होंने 'एक्‍स' पोस्‍ट पर कहा, ''हम अमेरिका से मजबूती दिखाने और 'लिंडसे ग्राहम' के प्रस्तावित कानून को लागू करने की अपील करते हैं। हम यूरोप से भी अपना समर्थन जारी रखने का अनुरोध करते हैं।''

उन्‍होंने कहा क‍ि जब तक रूस यह बेवकूफी भरा और विनाशकारी युद्ध जारी रखता है, तब तक उसके साथ सिर्फ मुनाफा कमाने के बारे में नहीं सोचा जा सकता। हम चाहते हैं कि रूस पर लगाए गए प्रतिबंध तब तक बने रहें, जब तक यह हत्याएं जारी हैं।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी