×

एनजीईएल ने असिस्टेंट इंजीनियर समेत 114 पदों के लिए बढ़ाई आवेदन की तारीख, अब 31 अगस्त तक मौका

 

नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, एनटीपीसी लिमिटेड की एक प्रमुख सब्सिडियरी कंपनी एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एनजीईएल) ने असिस्टेंट इंजीनियर-आरई (एसेट मैनेजमेंट/ऑपरेशन और मेंटेनेंस) समेत कुल 114 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए थे।

एनजीईएल की ओर से जारी 114 रिक्तियों में असिस्टेंट इंजीनियर - आरई (एसेट प्रबंधन/ऑपरेशन और मेंटेनेंस) के 100 और डिप्टी जनरल मैनेजर- आरई के 14 पद शामिल हैं। असिस्टेंट इंजीनियर - आरई (एसेट प्रबंधन/ऑपरेशन और मेंटेनेंस) के 100 रिक्तियों में अनारक्षित (यूआर) के 41, एससी के 15, एसटी के 7, ओबीसी के 27 और ईडब्ल्यूएस के 10 पद हैं। वहीं, डिप्टी जनरल मैनेजर- आरई पोर्ट के 14 रिक्तियों में अनारक्षित (यूआर) के 8, एससी का 1, एसटी का 1, ओबीसी के 3 और ईडब्ल्यूएस का 1 पद हैं।

इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 11 जुलाई के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है गई थी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई के शाम 6 बजे तक तय की गई है। ऐसे में दोनों पोस्ट के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने से जो इच्छुक उम्मीदवार चूक गए थे, उनके लिए एनजीईएल ने अप्लाई करने का एक और अवसर दिया है। अभ्यर्थी अब एनजीईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 31 अगस्त के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं। ध्यान दें कि उम्मीदवारों के पास आवेदन का यह अंतिम मौका है।

असिस्टेंट इंजीनियर पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास स्टेट टेक्निकल बोर्ड या एआईसीटीई/यूजीसी से मान्यता प्राप्त संस्थान से इंजीनियरिंग (इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स/ इंस्ट्रूमेंटेशन) में पास मार्क्स के साथ फुल-टाइम रेगुलर डिप्लोमा करने वाले उम्मीदवार आवेदन करने के पात्र हैं। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास पावर सेक्टर में क्वालिफिकेशन के बाद कम से कम 10 वर्ष का साइट अनुभव होना अनिवार्य है।

डिप्टी जनरल मैनेजर पोस्ट के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त भारतीय यूनिवर्सिटी/संस्थान से इंजीनियरिंग (इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रॉनिक्स/कंट्रोल और इंस्ट्रूमेंटेशन/सिविल/मैकेनिकल) में फुल-टाइम ग्रेजुएट होना जरूरी है, जिसमें कम से कम 60 प्रतिशत प्रर्क्स हों। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास पावर सेक्टर में क्वालिफिकेशन के बाद कम से कम 12 वर्ष का साइट अनुभव होना जरूरी है।

असिस्टेंट इंजीनियर पद के लिए आवेदकों की अधिकतम आयु 40 वर्ष और डिप्टी जनरल मैनेजर पोस्ट के लिए 44 वर्ष तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की शॉर्टलिस्टिंग/स्क्रीनिंग (योग्यता/मार्क्स का प्रतिशत/अनुभव के वर्षों की संख्या आदि के आधार पर), लिखित परीक्षा/ग्रुप डिस्कशन/इंटरव्यू आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी असिस्टेंट इंजीनियर पद के लिए 30,000 से 120,000 रुपए के बीच प्रति माह और डिप्टी जनरल मैनेजर पोस्ट के लिए 90,000 से 240,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/एक्सएसएम श्रेणी और महिला उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

--आईएएनएस

डीके/पीएम