×

'यंग शेरलॉक' का आएगा दूसरा सीजन, रहस्य व एक्शन से भरी कहानी की होगी वापसी

 

मुंबई, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। मशहूर जासूस शेरलॉक होम्स की कहानी हमेशा से लोगों को आकर्षित करती रही है, लेकिन जब उसी किरदार को किसी सीरीज में दिखाया जाता है, तो वह दर्शकों को बेहद पसंद आती है। इस कड़ी में 'यंग शेरलॉक' काफी चर्चा में है। अब इस सीरीज से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है। दरअसल, इसे दूसरे सीजन के लिए रिन्यू कर दिया गया है, जिससे फैंस काफी उत्साहित हैं।

इस सीरीज को मशहूर फिल्ममेकर गाइ रिची ने बनाया है। 'यंग शेरलॉक' में शेरलॉक होम्स का किरदार हीरो फिएन्स टिफिन निभा रहे हैं, जिन्होंने अपनी एक्टिंग से इस किरदार को नया रूप दिया है।

अमेजन एमजीएम स्टूडियोज के ग्लोबल टेलीविजन हेड पीटर फ्रीडलैंडर ने इस सीरीज की तारीफ करते हुए कहा, ''इसमें एक खास तरह का जादू है। दर्शक सिर्फ एक जासूसी कहानी नहीं देख रहे बल्कि एक ऐसे किरदार की शुरुआत को महसूस कर रहे हैं, जो आगे चलकर एक आइकॉन बनता है। यही वजह है कि यह सीरीज दुनियाभर में लोगों को पसंद आ रही है।''

सीरीज के पहले सीजन की कहानी की बात करें तो इसमें दिखाया गया है कि कैसे शेरलॉक होम्स की मुलाकात जेम्स मोरियार्टी से होती है। यह मुलाकात उसे एक ऐसे मर्डर केस में उलझा देती है, जो उसकी आजादी के लिए खतरा बन जाता है। यह केस एक बड़ी साजिश का हिस्सा होता है, जिसे सुलझाना शेरलॉक के लिए आसान नहीं होता।

इस कहानी में शेरलॉक का पहला केस ही इतना बड़ा और चुनौतीपूर्ण होता है कि उसे अलग-अलग जगहों पर जाना पड़ता है। इस दौरान उसे कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है और आखिर में एक ऐसा मुकाबला होता है, जो उसकी जिंदगी की दिशा बदल देता है।

सीरीज में एक्शन, रहस्य और ड्रामा है। यही वजह है कि पहले सीजन को दर्शकों ने खूब पसंद किया और अब दूसरे सीजन का इंतजार और भी बढ़ गया है।

--आईएएनएस

पीके/पीएम