योगी की माताजी के अंतिम संस्कार के दिन पीएम का कार्यक्रम उचित नहीं: प्रमोद तिवारी
नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता का निधन हुआ है और शनिवार को उनका अंतिम संस्कार है। ऐसे में प्रधानमंत्री को अपना दौरा रद्द कर देना चाहिए था। यदि कार्यक्रम जरूरी था तो उसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जा सकता था।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मैं दुखी हूं। आज ही हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री की माताजी का देहांत हुआ है। अखबारों में जो कार्यक्रम पढ़ने को मिला है, उसके अनुसार आज उन्हें मुखाग्नि दी जा रही है। एक तरफ मुख्यमंत्री की माताजी की चिता जल रही होगी और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री उत्साह और हर्ष के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इससे बचना चाहिए था। प्रधानमंत्री को आज का दौरा रद्द कर देना चाहिए था। अगर कार्यक्रम करना ही था तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कर सकते थे।"
कांग्रेस नेता ने सीमा सुरक्षा, अरुणाचल प्रदेश में चीन की गतिविधियों और विदेश नीति को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के वक्तव्य आज भी संसद के पुस्तकालय में उपलब्ध हैं। उस समय जिम्मेदारी तय करते हुए तत्कालीन रक्षा मंत्री को पद से हटाया गया था।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से सवाल किया कि अरुणाचल प्रदेश में चीन द्वारा स्थानों के नाम बदले जाने पर सरकार क्या कदम उठा रही है? सीमा के बड़े हिस्से में भारतीय गश्त और पहुंच बाधित होने के आरोपों पर भी उन्होंने केंद्र से जवाब मांगा। प्रमोद तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से इन मुद्दों पर संसद और देश की जनता के सामने जवाब देने की मांग की।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रमोद तिवारी ने कहा कि एक तरफ ट्रंप भारत के प्रति चिंता जताते हैं, तो दूसरी तरफ ऑपरेशन सिंदूर को चार दिनों के भीतर रोकने के लिए दबाव बनाने और भारतीय उत्पादों पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की बात करते हैं।
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति टैरिफ लगाकर भारत के व्यापार को प्रभावित कर रहा है, उसे भारत को किसी तरह का प्रमाणपत्र देने का अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की विदेश और आर्थिक नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है।
राजस्थान के पंचायत चुनावों के नतीजों पर प्रमोद तिवारी ने कहा कि ये जनता के जनादेश का संकेत हैं और भाजपा के पतन की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की वापसी तय है और भाजपा की विदाई होगी।
--आईएएनएस
एसएके/एएस