☰
×

योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 साल की थीं; आज शाम 5:15 बजे पौड़ी पहुंचेंगे सीएम, कल होगा अंतिम संस्कार

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के अपने पैतृक गांव पंचूर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर है। पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने भी उनके निधन की पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी का निधन शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनकी तबीयत को लेकर परिवार के लोग चिंतित थे। निधन के समय परिवार के सदस्य उनके साथ मौजूद थे।

आज शाम पौड़ी पहुंचेंगे योगी आदित्यनाथ

मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के लिए रवाना हो रहे हैं। खबरों के मुताबिक, वह शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे पौड़ी गढ़वाल पहुंचेंगे और अपनी मां के अंतिम दर्शन करेंगे। मां के निधन के बाद उनके पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में भी बदलाव किया गया है।पंचूर गांव में परिवार के सदस्य और रिश्तेदार पहुंचने लगे हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी भी परिवार के संपर्क में हैं। प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार से जुड़ी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

कल अंतिम संस्कार होने की संभावना

सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को किए जाने की संभावना है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अंतिम संस्कार हरिद्वार में हो सकता है। वहीं, कुछ स्थानीय जानकारियों में फूलचट्टी घाट का भी उल्लेख किया गया है, जहां योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का अंतिम संस्कार हुआ था। अंतिम संस्कार के स्थान को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

सीएम धामी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। धामी ने योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने भी सावित्री देवी के निधन पर संवेदना जताई।

2020 में हुआ था योगी के पिता का निधन

योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का अप्रैल 2020 में निधन हुआ था। उस समय कोरोना महामारी के कारण देश में लॉकडाउन लागू था। मुख्यमंत्री होने के नाते अपनी जिम्मेदारियों और प्रतिबंधों के चलते योगी आदित्यनाथ पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे। उनके पिता का अंतिम संस्कार उत्तराखंड में किया गया था।सावित्री देवी के निधन से परिवार में शोक का माहौल है। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गांव पहुंचने और अंतिम संस्कार की तैयारियों पर सबकी नजर है।