×

योग दिवस पर यूपी के सभी अमृत सरोवर बनेंगे जनजागरण और स्वास्थ्य चेतना के केंद्र : केशव मौर्य

 

लखनऊ, 16 जून (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को उत्तर प्रदेश के सभी अमृत सरोवरों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन आयोजनों को केवल योगाभ्यास तक सीमित न रखते हुए जनजागरूकता, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार का प्रभावी मंच बनाया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग ने वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को नई प्रतिष्ठा दिलाई है। ऐसे में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक चेतना का वातावरण भी तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश के सभी अमृत सरोवरों पर प्रातःकालीन योग सत्र आयोजित किए जाएं और उनमें अधिकाधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

योग कार्यक्रमों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं, ताकि आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण अधिनियमों की जानकारी मिल सके। केशव प्रसाद मौर्य ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि इस अवसर पर वीबीजी रामजी अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों पर आधारित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सरल और सहज भाषा में अधिनियम के उद्देश्यों, प्रावधानों तथा उसके सामाजिक महत्व की जानकारी दी जानी चाहिए, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़े और उनकी सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों, स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवा मंडलों, महिला समूहों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं के साथ जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाए, जबकि स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय संगठनों को जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियानों से जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और सामुदायिक सहभागिता के उत्कृष्ट मॉडल हैं। योग दिवस पर इन स्थलों पर होने वाले कार्यक्रम स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण के विभिन्न आयामों को एक साथ जोड़ने का कार्य करेंगे। इससे न केवल योग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि सामुदायिक एकता और सामाजिक चेतना को भी नई मजबूती मिलेगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं तथा प्रत्येक अमृत सरोवर पर सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जनसहभागिता आधारित आयोजन सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाए, ताकि स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

--आईएएनएस

विकेटी/पीएम