×

'यह काम करके दिखाने वाली सरकार', भोगपुरम एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले लोगों ने की पीएम मोदी और सीएम नायडू की प्रशंसा

 

विजयनगरम, 1 अगस्त (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन से पहले शनिवार को विजयनगरम के लोगों और टीडीपी समर्थकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह सरकार सिर्फ वादे नहीं करती, बल्कि काम करके दिखाती है।

टीडीपी समर्थक श्रीनिवास ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक विकसित राष्ट्र बनने की ओर बढ़ रहा है। 2047 तक 'विकसित भारत' का लक्ष्य हासिल करने के दृष्टिकोण के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आंध्र प्रदेश के नेताओं एन. चंद्रबाबू नायडू, नारा लोकेश और पवन कल्याण के साथ एक स्पष्ट और दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "पिछली सरकार में हुई बर्बादी को देखने के बाद अब हम देख रहे हैं कि एन. चंद्रबाबू नायडू ने एक बार फिर राज्य को विकास के रास्ते पर ला खड़ा किया है। उनके 'विजन 2020' ने पहले हैदराबाद को एक वैश्विक आईटी हब और साइबराबाद में बदल दिया था, और आज वह आंध्र प्रदेश को तेजी से प्रगति की ओर ले जाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।"

श्रीनिवास ने कहा, "इस दृष्टिकोण का समर्थन सिर्फ हमारे समर्थक ही नहीं कर रहे, समाज के सभी वर्गों के लोग इसे समर्थन देना चाहते हैं। चाहे प्रधानमंत्री मोदी हों, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू हों, पवन कल्याण हों या नारा लोकेश, यह सरकार सिर्फ वादे करने वाली नहीं है, बल्कि यह सरकार काम करके दिखाने वाली सरकार है। प्रशासन पारदर्शिता के साथ काम करता है और हर विकास पहल सभी को दिखाई देती है।"

टीडीपी समर्थक ने कहा कि जब आप इन परियोजनाओं को देखने जाते हैं, तो आप सरकार के विजन को अपनी आंखों से स्पष्ट रूप से देख सकते हैं। भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा वास्तव में शानदार है। हजारों एकड़ में फैला हुआ यह भव्य स्तर पर विकसित किया गया है और देखने में बहुत प्रभावशाली है। हमें पूरा विश्वास है कि आने वाले वर्षों में भोगापुरम हवाई अड्डा, विजयनगरम, श्रीकाकुलम और विशाखापत्तनम के साथ मिलकर विकास के बड़े केंद्र बनकर उभरेंगे। ये परियोजनाएं रोजगार के अवसर पैदा करेंगी, आर्थिक विकास को बढ़ावा देंगी और इस इलाके की तस्वीर को बदल देंगी। हर किसी को उम्मीद है कि यह विजन निश्चित रूप से साकार होगा।

एक और टीडीपी समर्थक रामू ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि इस इलाके में निवेश और विकास हो।" उन्होंने कहा कि उत्तरी आंध्र में भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट लाने में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नारा लोकेश और डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने अहम भूमिका निभाई है।

उन्होंने बताया कि इन चारों नेताओं ने इस प्रोजेक्ट को हकीकत बनाने के लिए दिन-रात मेहनत की है। उनके मुताबिक, इस एयरपोर्ट से आस-पास के इलाकों का चौतरफा विकास होगा और यह इलाका उद्योगों को अपनी ओर आकर्षित करेगा। रामू ने यह भी कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए पहले ही जमीन आवंटित की जा चुकी है और अब अतिरिक्त जमीन विकसित की जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह एयरपोर्ट पढ़े-लिखे युवाओं के लिए रोज़गार के मौके पैदा करके बच्चों और आने वाली पीढ़ी के लिए एक बेहतर भविष्य बनाएगा।

विजयनगरम की रहने वाली एक महिला विजय लक्ष्मी ने कहा कि सब कुछ ठीक चल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 10-15 सालों में अधिक विकास नहीं हुआ था, लेकिन जब से एनडीए सरकार सत्ता में आई है, हालात बेहतर हुए हैं और लोग खुश हैं। उन्हें भरोसा है कि भविष्य और भी अच्छा होगा, जिसमें बच्चों, बुजुर्गों और हर परिवार के लिए बेहतर मौके होंगे। उनके मुताबिक, लोगों के मन में अब कोई डर नहीं है और उन्हें यकीन है कि सब कुछ और बेहतर होता जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार से मिलने वाले सहयोग और भरोसे से महिलाओं को भी कड़ी मेहनत करने व आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होगा, तो बुजुर्ग और सभी परिवार भी खुशी-खुशी रहेंगे। उनके अनुसार, सरकार के सत्ता में आने के बाद से लोग सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और राज्य के भविष्य को लेकर उम्मीद से भरे हुए हैं।

--आईएएनएस

डीसीएच/