यात्रियों के लिए अलग प्रतीक्षालय बनेगा, प्लेटफॉर्म और प्रवेश द्वारों पर भीड़ का दबाव भी घटेगा
नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। त्योहारों के दौरान स्टेशनों पर होने वाली भारी भीड़ को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन से आनंद विहार टर्मिनल और उधना रेलवे स्टेशन पर बन रहे यात्री होल्डिंग एरिया के काम की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना भी मौजूद थे।
रेल मंत्री ने अधिकारियों को चल रहे कार्यों में तेजी लाने और साइट से जुड़ी चुनौतियों को जल्द हल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आगामी प्रमुख त्योहारों से पहले इन यात्री सुविधा केंद्रों को पूरा किया जाए ताकि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुव्यवस्थित आवाजाही मिल सके। समीक्षा में सिविल कार्य, संरचनात्मक निर्माण, उपयोगिता शिफ्टिंग, अवरोध हटाने, यात्री सुविधाओं और अन्य संबंधित कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई।
रेलवे द्वारा विकसित किए जा रहे यात्री होल्डिंग एरिया का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट वाले या प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों के लिए अलग स्थान उपलब्ध कराना है। इससे व्यस्त समय में प्लेटफॉर्म, प्रवेश द्वार और आवागमन क्षेत्रों पर भीड़ का दबाव कम होगा। यात्रियों को स्टेशन या प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले एक आरामदायक और सुरक्षित प्रतीक्षा वातावरण मिलेगा।
इन केंद्रों में ढके हुए बड़े प्रतीक्षालय, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, अलग टिकट काउंटर, पुरुष और महिलाओं के लिए शौचालय, पीने का पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं होंगी। साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम, यात्री सूचना डिस्प्ले, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, बिजली और विज्ञान-प्रौद्योगिकी आधारित सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। सुव्यवस्थित आवागमन के लिए साइनबोर्ड और फर्नीचर की भी व्यवस्था की जा रही है।
आनंद विहार टर्मिनल पर यात्री सुविधा केंद्र दो चरणों में बन रहा है। पहले चरण में लगभग 4,000 यात्रियों के लिए जगह तैयार की जाएगी। यहां नींव, प्लिंथ बीम और संरचनात्मक स्टील का काम तेजी से चल रहा है। दूसरे चरण के पूरा होने पर केंद्र की क्षमता बढ़कर लगभग 7,000 यात्रियों तक हो जाएगी।
गुजरात के उधना रेलवे स्टेशन पर बन रहे होल्डिंग एरिया में एक समय में करीब 15,000 यात्रियों को ठहराने की योजना है। यहां भी काम में अच्छी प्रगति हुई है। पूरा होने के बाद यह एरिया होल्डिंग जोन और प्लेटफॉर्म के बीच बेहतर संपर्क देगा, जिससे यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित होगी और स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन आसान होगा।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम