यश-गुरजपनीत और निशांत की तिकड़ी ने पलटी हारी हुई बाजी, भारत-ए ने ऑस्ट्रेलिया-ए को तीसरे अनौपचारिक वनडे में 49 रनों से हराया
पुडुचेरी, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत-ए ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीसरे अनौपचारिक वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया-ए को 49 रनों से हराया। यश ठाकुर, गुरजपनीत सिंह और निशांत सिंधु की तिकड़ी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए भारत के लिए हारी हुई बाजी को पलटा।
भारत-ए से मिले 276 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया-ए की पूरी टीम 46.2 ओवर में 226 रन बनाकर ऑलआउट हुई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को जोश फिलिप्स और लियाम स्कॉट ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़े। स्कॉट 26 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, फिलिप्स 48 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 56 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे।
लाचलान शॉ अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 31 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, नाथन मैकस्वीनी 58 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुए। निखिल चौधरी अनलकी रहे और वह 29 रन बनाने के बाद रनआउट होकर पवेलियन लौटे। मिचेल ओवेन 20 रन बनाने के बाद गुरजपनीत सिंह का शिकार बने। विल सदलैंड ने 7 रन बनाए, तो बेन ड्वारशुइस 5 रन ही बना सके। टॉड मर्फी 6 रन बनाकर यश ठाकुर की गेंद पर देवदत्त पडिक्कल को कैच देकर आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया की टीम एक समय पर 177 के स्कोर पर 3 विकेट खोकर मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी, लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम को 226 रनों पर समेट दिया। ऑस्ट्रेलिया ने अगले आखिरी 7 विकेट महज 49 रन जोड़कर गंवाए। यश ठाकुर और निशांत सिंधु ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि गुरजपनीत सिंह ने 56 रन देकर 3 विकेट निकाले।
इससे पहले, भारत के पूरी टीम 47.3 ओवर में 275 रन बनाकर ऑलआउट हुई। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और भारत-ए को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। भारत-ए की शुरुआत अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए 10.4 ओवर में 83 रन की साझेदारी की। प्रभसिमरन ने 34 गेंदों पर 39 रन बनाए, जिसमें छह चौके शामिल रहे। वहीं, प्रियांश अपने अर्धशतक से सिर्फ एक रन दूर रह गए और 45 गेंदों में 49 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे।
इसके बाद देवदत्त पडिक्कल केवल 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने अच्छी शुरुआत तो की, लेकिन उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके और 57 गेंदों में 33 रन बनाकर मिचेल ओवेन का शिकार बने। पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले रजत पाटीदार भी इस बार प्रभाव नहीं छोड़ सके और सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए। निशांत सिंधु भी 5 रन ही बना पाए।
एक समय भारत-ए का स्कोर 159 रन पर 6 विकेट था और टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। ऐसे में सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 77 गेंदों पर 85 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। विपराज ने 44 गेंदों में 40 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसमें छह चौके शामिल थे। दूसरी ओर, सूर्यांश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जमाया। उन्होंने 60 गेंदों में 66 रन बनाए। अनुकूल रॉय 11 गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया-ए की तरफ से गेंदबाजी में विल सदरलैंड और बेन ड्वार्शुइस सबसे सफल रहे। दोनों ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। लियाम स्कॉट ने भी अच्छी गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर 2 विकेट झटके। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया-ए की टीम तीन मैचों की सीरीज को 2-1 से अपने नाम करने में सफल रही।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी