डब्ल्यूवी रमन ने ऋषभ पंत को आक्रामक अंदाज में खेलने की दी सलाह, बोले- अपनी सहज समझ पर रखें भरोसा
नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के पूर्व क्रिकेटर डब्ल्यूवी रमन ने बुधवार को कहा कि विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को न्यूजीलैंड में अपने आक्रामक खेल पर ही कायम रहना चाहिए। उनका मानना है कि किसी भी तरह की हिचकिचाहट पंत को मुश्किल में डाल सकती है। भारत गुरुवार को वेलिंगटन में दो टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत करेगा।
पंत 'साइड स्ट्रेन' की चोट से उबर रहे थे, जिसकी वजह से वह काफी समय से मैदान से दूर रहे। इसी चोट के कारण वह न्यूजीलैंड ए के खिलाफ भारत ए के रेड-बॉल मैचों में भी नहीं खेल पाए थे। इसका मतलब यह है कि अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ भारत की 1-0 की सीरीज जीत के बाद से पंत ने केवल ईरानी कप के दौरान 'रेस्ट ऑफ इंडिया' की कप्तानी करते हुए एक ही प्रतिस्पर्धी मैच खेला है। उस मैच में, बुखार होने के बावजूद पंत ने 10 और 8 रन बनाए थे।
इसके बाद, वह बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) गए और पिछले हफ्ते ही न्यूजीलैंड में टेस्ट टीम से जुड़े। हालांकि, विदेशों में पंत का रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में आठ शतक लगाए हैं, जिनमें से पांच शतक ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका में आए हैं। न्यूजीलैंड ही एकमात्र प्रमुख विदेशी देश है, जहां वह शतक तक नहीं पहुंच पाए हैं। उन्होंने वहां 2020 में केवल दो टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने कुल 60 रन बनाए थे।
अब बात करें तो, न्यूजीलैंड की तेज गेंदबाजी का लगातार दबाव, खासकर लंबे कद के गेंदबाजों की ओर से गेंद को एंगल के साथ अंदर-बाहर लाना और अतिरिक्त उछाल देना, पंत के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। रमन ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क द्वारा आयोजित एक वर्चुअल बातचीत में 'आईएएनएस' से कहा, "मुझे लगता है कि अपनी रणनीति को लेकर ऋषभ पंत को कोई उलझन नहीं होनी चाहिए। असल में, वह ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अपनी सहज प्रवृत्ति के हिसाब से खेलते हैं और इसी अंदाज ने उन्हें अब तक सफलता दिलाई है।"
डब्ल्यूवी रमन ने आगे कहा, "वह मूल रूप से एक बहुत ही आक्रामक बल्लेबाज हैं और उन्हें इसी तरह खेलना जारी रखना चाहिए। उन्हें अपने इसी क्रिकेटिंग अंदाज को बनाए रखने की कोशिश करनी चाहिए, क्योंकि अगर वह कुछ ऐसा करने की कोशिश करते हैं जो उनके स्वाभाविक खेल से अलग है, तो वह मुश्किल में फंस सकते हैं। क्रिकेट में किसी भी गेंद का सामना करते समय या मैदान पर उतरते समय आपका किसी भी तरह की दुविधा या उलझन में न होना बहुत जरूरी है। आपको अपने दिमाग से सारे विचार पूरी तरह निकाल देने चाहिए, या फिर आप जो कर रहे हैं, उसे लेकर आपको पूरी तरह आश्वस्त होना चाहिए। अगर आप हिचकिचाते हैं या दुविधा में रहते हैं, तो आप उलझ जाएंगे, जो बिल्कुल भी ठीक नहीं है।"
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा, "जैसा कहा जाता है कि पलक झपकते ही खेल बदल सकता है और पलक झपकते ही आप आउट भी हो सकते हैं। ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी के साथ भी ऐसा ही है। उन्हें बहुत ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है। उन्हें अपनी सहज समझ पर भरोसा रखना चाहिए और वही करना चाहिए, जो वह सबसे बेहतर जानते हैं यानी गेंदबाजों पर हमला करना।”
रमन ने कप्तान शुभमन गिल की भी तारीफ की, जो टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए कड़ी प्रैक्टिस करने के इरादे से न्यूजीलैंड जल्दी पहुंच गए हैं। भारत के कप्तान बनने के बाद से एक टेस्ट बल्लेबाज के तौर पर गिल के प्रदर्शन में लगातार सुधार आया है। हालांकि, वेलिंगटन और बाद में क्राइस्टचर्च में तेज हवाओं और सीम-फ्रेंडली (गेंद को स्विंग या सीम कराने में मददगार) परिस्थितियों में उनकी तकनीक और संयम की कड़ी परीक्षा होगी।
पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा, "बात यह है कि उन्होंने जिम्मेदारी को बहुत अच्छे से अपना लिया है। उन्होंने इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है और कप्तानी के बोझ को अपनी बल्लेबाजी पर हावी नहीं होने दिया है। इंग्लैंड में उन्होंने शानदार रन बनाए हैं, और यही वजह है कि वह न्यूजीलैंड जल्दी पहुंच गए हैं। उन्होंने समझ लिया है कि उनका योगदान टीम के लिए बहुत अहम होगा। इसी कारण उन्होंने पहले ही वहां पहुंचकर वहां के हालात को समझने का फैसला किया, यह देखने के लिए कि पिचें कैसी हैं और उन्हें वहां क्या करने की जरूरत है। यह कुछ ऐसा है जो शायद हमने पिछले दशकों में या पहले के दौरों पर बहुत कम देखा है। यह इस बात का साफ संकेत है कि वह आने वाले टेस्ट में एक बल्लेबाज के तौर पर भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए काफी उत्सुक और उत्साहित हैं।"
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम