☰
×

वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप: जगशेर सिंह खंगुरा ने जीता ब्रांज, पंजाब के सीएम भगवंत मान ने दी बधाई

 

चंडीगढ़, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। जगशेर सिंह खंगुरा ने मिस्र में आयोजित वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। जगशेर को उनकी उपलब्धि के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बधाई दी है।

भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जगसीर सिंह खंगूरा की पदक के साथ तस्वीर साझा करते हुए उन्हें बधाई दी।

उन्होंने लिखा, "पंजाब और पंजाब में बैडमिंटन के लिए यह खुशी और गर्व की बात है कि नाभा के जगशेर सिंह खंगुरा ने मिस्र में हुई वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। यह कामयाबी हासिल करने वाले जगसीर सिंह पंजाबी के पहले खिलाड़ी हैं। इस होनहार खिलाड़ी, उनके माता-पिता और उनके कोच को दिल से बधाई।"

जगशेर सिंह खंगुरा को इंडोनेशिया के रादित्य बायू वर्धना के खिलाफ लड़कों के सिंगल्स सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्हें ब्रांज मेडल से संतोष करना पड़ा।

बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के मुताबिक, खंगुरा ने पहला गेम हारने के बाद वापसी की और मैच को निर्णायक बना दिया, लेकिन 49 मिनट तक चले मुकाबले में उन्हें 6-15, 15-13, 3-15 से हार का सामना करना पड़ा।

यह व्यक्तिगत चैंपियनशिप में भारत का सातवां ब्रॉन्ज मेडल था। इससे कुल मेडल की संख्या 13 हो गई। इसमें एक गोल्ड और पांच सिल्वर शामिल हैं।

खंगुरा ने चीनी ताइपे के युआन-स्यू झुआंग को हराकर लड़कों के सिंगल्स सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। पंजाब के खंगुरा झुआंग को 48 मिनट में 6-15, 17-15, 15-12 से हराकर पोडियम पर जगह बनाने वाले भारत के नौवें बॉयज एकल खिलाड़ी बन गए।

पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के सेक्रेटरी रितिन खन्ना ने इस परफॉर्मेंस को एक ऐतिहासिक उपलब्धि और पंजाब के लिए गर्व का पल बताया। उन्होंने जगशेर के वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपने पहले साल में मेडल जीतने की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी उपलब्धि है जो बहुत कम भारतीय खिलाड़ियों ने हासिल की है।

--आईएएनएस

पीएके