☰
×

वर्ल्ड चैंपियनशिप: महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल टीम ने जीता गोल्ड, पुरुषों के 50 मीटर राइफल थ्रीपी टीम इवेंट में ब्रॉन्ज

 

दोहा, 10 नवंबर (आईएएनएस)। आईएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में ईशा सिंह, मनु भाकर और दिव्या थाडिगोल सुब्बाराजू ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में गोल्ड पर निशाना साधा। यह इस चैंपियनशिप में भारत का दूसरा गोल्ड मेडल है।

दोहा में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय तिकड़ी ने कुल 1761-68x का स्कोर हासिल किया। इस स्पर्धा में रिपब्लिक ऑफ कोरिया (1748-66x) ने सिल्वर और वियतनाम (1745-54x) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।

भारत की तरफ से ईशा ने सर्वाधिक 590-25x का स्कोर किया, जबकि मनु ने 587-24x और दिव्या ने 584-19x का स्कोर बनाया। ईशा और मनु व्यक्तिगत फाइनल के लिए भी क्वालीफाई करने में सफल रहीं। फाइनल में मनु 27 हिट के साथ चौथे स्थान पर रहीं और पदक जीतने से चूक गईं, जबकि ईशा 11 हिट के साथ आठवें स्थान पर रहीं।

इससे पहले, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, अखिल श्योराण और नीरज कुमार की भारतीय पुरुष टीम ने 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन स्पर्धा में 1751-91x के कुल स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। चेक गणराज्य ने 1754-92x के स्कोर के साथ गोल्ड और नॉर्वे ने 1752-81x के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। ऐश्वर्य ने 587-33x का स्कोर किया, जबकि नीरज ने 582-31x और अखिल ने 582-27x का स्कोर बनाया।

इससे पहले गुरुवार को, इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड चैंपियनशिप (राइफल/पिस्टल/शॉटगन) में जयपाल मालवीय ने दबाव के बीच बेहतरीन संयम दिखाते हुए पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में सिल्वर जीता।

भारतीय महिला 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने भी सिल्वर अपने नाम किया। दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर, सुरुचि इंदर सिंह और संयम की तिकड़ी ने कुल 1738 अंक बनाए, जिसमें 61 'इनर 10' (निशाने के बिल्कुल केंद्र में लगे 10 अंक) शामिल थे। मनु ने 583-21x के क्वालिफिकेशन स्कोर के साथ भारतीय चुनौती की अगुवाई की; इसमें चौथी सीरीज में परफेक्ट 100 का स्कोर भी शामिल था।

सुरुचि ने 580-24x का स्कोर किया, जबकि जूनियर वर्ल्ड चैंपियन संयम ने 575-16x का योगदान दिया, जिससे टीम ने पोडियम पर दूसरा स्थान हासिल किया। चीन ने 1745-65x के स्कोर के साथ महिला टीम का गोल्ड मेडल जीता, जबकि साउथ कोरिया ने 1729-49x के स्कोर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

पुरुष टीम स्पर्धा में, भारत 1730-58x के कुल स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रहा। जयपाल ने 585-23x (97, 99, 97, 99, 97, 96) के क्वालिफिकेशन स्कोर के साथ टीम का नेतृत्व किया, जिससे उन्हें व्यक्तिगत फाइनल में प्रवेश करते समय तीसरा स्थान मिला।

भारत 11 नवंबर को फिर से शूटिंग रेंज में उतरेगा, जहां पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन स्पर्धा का फाइनल खेला जाना है।

--आईएएनएस

आरएसजी