×

वर्ल्ड आर्चरी का फैसला, ज्योति सुरेखा वेन्नम के वर्ल्ड कप फाइनल ब्रॉन्ज मेडल को सिल्वर में बदला

 

मुंबई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय स्टार तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेन्नम का 2025 आर्चरी विश्व कप फाइनल (नानजिंग) में जीता गया ब्रॉन्ज मेडल अब सिल्वर में बदल गया है। खेल की वैश्विक संस्था 'वर्ल्ड आर्चरी' ने यह फैसला मैक्सिको की मरीना बर्नाल को डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन का दोषी पाए जाने के बाद अयोग्य घोषित करने के चलते लिया।

भारत की टॉप कंपाउंड आर्चर ज्योति, चैंपियनशिप की फाइनल रैंकिंग में मूल रूप से तीसरे स्थान पर थीं, लेकिन मेक्सिको की मरीना बर्नाल के एंटी-डोपिंग नियमों का उल्लंघन करने के कारण अयोग्य घोषित होने के बाद मेडल रैंकिंग में बदलाव किया गया है।

बर्नाल से 29 सितंबर 2025 को डोपिंग सैंपल लिया गया था, जिसमें पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें वर्ल्ड आर्चरी फेडरेशन के नियम 3 के तहत अयोग्य घोषित कर दिया गया। ऐसे में फाइनल नतीजों में आधिकारिक बदलाव हुआ। 'आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया' से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को वर्ल्ड आर्चरी ने इस फैसले की पुष्टि की। इसके परिणामस्वरूप ग्रेट ब्रिटेन की एला गिब्सन को ब्रॉन्ज मेडल दिया गया है।

23 वर्षीय बर्नाल ने सितंबर में प्रतियोगिता के बाहर हुए टेस्ट में एनाबॉलिक स्टेरॉयड (नैंड्रोलोन) के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद डोपिंग उल्लंघन को चुनौती नहीं दी और उन पर 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के बाद तक का प्रतिबंध लगा दिया गया है।

फिलहाल ज्योति सुरेखा मैड्रिड में होने वाले आर्चरी वर्ल्ड कप स्टेज 4 की तैयारी कर रही हैं, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। भारतीय दल आर्चरी वर्ल्ड कप के फाइनल स्टेज के लिए तैयार है, जिसमें रिकर्व और कंपाउंड इवेंट्स में अनुभवी खिलाड़ियों और उभरते हुए सितारों का अच्छा मिश्रण है।

मैड्रिड के लिए टीम:

रिकर्व पुरुष: धीरज बोम्मादेवरा, नीरज चौहान और अतानु दास।

रिकर्व महिला: दीपिका कुमारी, कीर्ति, कुमकुम अनिल मोहोड और अंकिता भकत।

कंपाउंड पुरुष: साहिल राजेश जाधव, कुशल दलाल, गणेश थिरु मुरु और ऋषभ यादव।

कंपाउंड महिला: ज्योति सुरेखा वेन्नम, तनिपर्थी चिकिता, पृथिका प्रदीप और परनीत कौर।

--आईएएनएस

आरएसजी