×

विमेंस जूनियर एशिया कप: जीत के साथ भारत का अभियान शुरू, साउथ कोरिया 4-1 से रौंदा

 

मोकी (चीन), 5 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जूनियर विमेंस हॉकी टीम ने शनिवार को जीत के साथ जूनियर एशिया कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत की। गत चैंपयिन ने मोकी में खेले गए इस मैच में साउथ कोरिया को 4-1 से शिकस्त दी। भारत ने विमेंस जूनियर एशिया कप के पिछले दो संस्करण जीते हैं।

साउथ कोरिया के खिलाफ भारत ने पूरे मैच में संयमित और दबदबे वाला खेल दिखाया। भारत की तरफ से सानिका चंद्रकांत माने, पूर्णिमा यादव, पूजा साहू और मधु सिदार ने गोल दागे। वहीं, कोरिया के लिए किल गैबिन ने सांत्वना गोल किया।

भारत ने पहले क्वार्टर में कई मौके बनाए। मुकाबले के 8वें मिनट में सानिका चंद्रकांत माने ने गोल करके भारत को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय टीम ने साउथ कोरियाई डिफेंस पर दबाव बनाए रखा और पहले क्वार्टर में दो पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन वे किसी भी मौके को गोल में नहीं बदल पाए। पहले क्वार्टर के अंत तक भारत ने अपनी बढ़त बनाए रखी।

भारत ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में भी अपना आक्रामक रुख जारी रखते हुए शुरुआती पांच मिनटों के भीतर एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। शुरुआती प्रयास के बाद उन्हें एक री-पीसी (दोबारा पेनाल्टी कॉर्नर) मिला, लेकिन इसे गोल में तब्दील नहीं किया जा सका।

साउथ कोरिया ने बढ़ते दबाव के साथ जवाबी हमला किया और बराबरी का गोल करने की कोशिश में 5 मिनट के भीतर लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। हालांकि, भारतीय डिफेंस ने विपक्षी खेमे के इरादों पर पानी फेर दिया।

इसके बाद भारत ने खेल पर फिर से नियंत्रण हासिल किया और दूसरे क्वार्टर के आखिरी पलों में एक और पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया। इस बार, भारतीय टीम ने एक बेहतरीन रणनीति अपनाई और पूर्णिमा यादव ने 30वें मिनट में गोल करके भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया, जिससे टीम हाफ-टाइम में 2-0 की बढ़त के साथ गई।

साउथ कोरिया तीसरे क्वार्टर में नए इरादे के साथ उतरा और मैच में वापसी की कोशिश की। हालांकि, भारत का डिफेंस दबाव में भी मजबूत बना रहा। भारत की लगातार कोशिशों का फल तीसरे क्वार्टर के आखिरी पलों में मिला जब उन्होंने एक और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। पूजा साहू ने भारत की बढ़त को 3-0 करने में कामयाबी हासिल की।

भारत के लगातार हमलों का नतीजा 51वें मिनट में मिला, जब मधु सिदार ने गोल करके स्कोर 4-0 कर दिया। साउथ कोरिया ने आखिरी सीटी बजने तक संघर्ष जारी रखा और खेल खत्म होने से ठीक चार मिनट पहले एक गोल वापस किया। एक और पेनाल्टी कॉर्नर के बाद, कोरिया ने एक अलग तरह वेरिएशन अपनाया, जिससे 57वें मिनट में किल गैबिन ने गोल किया।

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम अब रविवार को 'विमेंस जूनियर एशिया कप चीन 2026' के अपने दूसरे मैच में मलेशिया का सामना करेगी।

--आईएएनएस

आरएसजी