☰
×

विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी: आयरलैंड ने पाकिस्तान को 9 विकेट से रौंदा, श्रीलंका और नीदरलैंड्स ने भी मारी बाजी

 

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 के सुपर सिक्सेस स्टेज में आयरलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 9 विकेट से हराया। वहीं, श्रीलंका और नीदरलैंड्स ने भी आसान जीत दर्ज की।

आयरलैंड बनाम पाकिस्तान: पाकिस्तान की बल्लेबाजों का प्रदर्शन इस मुकाबले में बेहद निराशाजनक रहा और पूरी टीम महज 107 रन बनाकर ऑलआउट हुई। पाकिस्तान की तरफ से सर्वाधिक 35 रन ओमैमा सोहेल ने बनाए। तुबा हसन ने 20 रनों का योगदान दिया। आयरलैंड की तरफ से गेंदबाजी में लुईस लिटिल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3.4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

हालांकि, आयरलैंड ने 108 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 13.2 ओवर में एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। कप्तान गैबी लुईस ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 71 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। वहीं, एमी हंटर ने 32 गेंदों में 37 रन बनाए और वह टीम को जीत दिलाकर लौटीं।

जिम्बाब्वे बनाम श्रीलंका: जिम्बाब्वे की बल्लेबाजों ने श्रीलंका के गेंदबाजी अटैक के सामने आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम महज 68 रन बनाकर सिमट गई। श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में कविशा दिलहारी ने 4 ओवर के स्पेल में महज 8 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।

वहीं, सत्या संदीपानी ने 14 रन देकर 2 विकेट चटकाए। जिम्बाब्वे की सिर्फ दो ही बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सकीं। श्रीलंका ने 69 रनों के लक्ष्य को 11.3 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की तरफ से विश्मी गुणरत्ने ने 35 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि हसिनी परेरा ने 22 रनों का योगदान दिया।

स्कॉटलैंड बनाम नीदरलैंड्स: स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 154 रन लगाए। टीम की ओर से कप्तान कैथरीन ब्राइस ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, जबकि कैथरीन फ्रेजर ने 25 रनों का योगदान दिया। हालांकि, नीदरलैंड्स ने 155 रनों के लक्ष्य को 2 गेंद शेष रहते हुए ही हासिल कर लिया। नीदरलैंड्स की ओर से कप्तान स्टेरे कालिस ने सिर्फ 27 गेंदों का सामना करते हुए 52 रनों की आतिशी पारी खेली, जबकि फीबी मोल्केनबोर ने 43 रनों का योगदान दिया।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम