विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: भोपाल में 19 नवंबर से 6 देशों के बीच खिताबी जंग, भारत की नजरें रिकॉर्ड चौथे खिताब पर
भोपाल, 18 नवंबर (आईएएनएस)। विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की शुरुआत 19 नवंबर से होने जा रही है, जिसका आयोजन नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा। भारतीय महिला हॉकी टीम अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए रिकॉर्ड चौथी बार खिताब जीतकर इतिहास रचने की कोशिश करेगी।
गत विजेता भारत अपने अभियान की शुरुआत 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ मुकाबले के साथ करेगा। मलेशिया के खिलाफ अपने पहले मैच के बाद, भारत 21 नवंबर को साउथ कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान का सामना करेगा।
भारत का लक्ष्य टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बनना है। फिलहाल भारत (साल 2016, 2023 और 2024) और साउथ कोरिया (साल 2010, 2011, 2018) ने तीन-तीन बार यह खिताब अपने नाम किया है।
19 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में भारत, चीन, जापान, साउथ कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड हिस्सा लेंगे। सभी टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेलेंगी, जिसके बाद शीर्ष चार टीमें 27 नवंबर को होने वाले सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। फाइनल और तीसरे स्थान के लिए मुकाबला 28 नवंबर को होगा।
भारत इस टूर्नामेंट में एक शानदार साल के बाद उतर रहा है, जिसमें टीम ने कई अहम उपलब्धियां हासिल की हैं। हैदराबाद में हुए क्वालीफायर में टीम फाइनल तक अपराजित रही और एफआईएच वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया। इसके बाद, ऑकलैंड में हुए एफआईएच विमेंस नेशंस कप में भारत ने अपने सभी पांच मैच जीते और खिताब अपने नाम किया, जिससे उन्हें एफआईएच प्रो लीग में प्रमोशन मिल गया।
भारतीय टीम ने बेल्जियम में हुए विमेंस वर्ल्ड कप में भी अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा और पांचवें स्थान पर रही। 1974 के बाद से टूर्नामेंट में यह भारत का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन था। इसके बाद जापान में हुए एशियन गेम्स में टीम ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की, जहां भारत ने महिला हॉकी में 44 साल के स्वर्ण पदक के सूखे को खत्म किया।
अब मेजबान भारत इसी लय को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भी बरकरार रखना चाहेगा। हालांकि, उनके सामने चीन, जापान और साउथ कोरिया जैसी मजबूत टीमों की कड़ी चुनौती होगी।
दुनिया की चौथे नंबर की टीम चीन, भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक होगी, खासकर इसलिए क्योंकि पिछले महीने एशियन गेम्स के फाइनल में उन्हें भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। चीन भी इस प्रतियोगिता में अपना पहला खिताब जीतने के लिए उत्सुक होगा, जबकि साउथ कोरिया अपने तीन चैंपियनशिप खिताबों की संख्या को और बढ़ाने का लक्ष्य रखेगा। जापान, जो पहले ही दो बार यह टूर्नामेंट जीत चुका है, अपने मजबूत डिफेंस और तेज पासिंग गेम के जरिए कड़ी चुनौती पेश करेगा।
--आईएएनएस
आरएसजी