☰
×

निवेश के मामले में महिलाएं पुरुषों से आगे, वीडियो में जानें 5 साल में म्यूचुअल फंड में बढ़ाई हिस्सेदारी; SIP संपत्ति ₹4.73 लाख करोड़ पहुंची

 

भारत में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी तेजी से बढ़ रही है। अब महिलाएं केवल सोना और नकदी जैसी पारंपरिक बचत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बैंक डिपॉजिट से लेकर म्यूचुअल फंड और इक्विटी जैसे निवेश विकल्पों में भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रही हैं। कोरोना महामारी के बाद पिछले पांच साल में महिलाओं के निवेश करने के तरीके में बड़ा बदलाव आया है। अब वे कम जोखिम वाले बैंक डिपॉजिट के साथ अधिक जोखिम वाले बाजार आधारित निवेश विकल्पों को भी अपना रही हैं।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/S1-3hPzYk6Q?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/S1-3hPzYk6Q/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

एम्फी और क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2021 से मार्च 2026 के बीच व्यक्तिगत म्यूचुअल फंड संपत्ति में महिलाओं की हिस्सेदारी 32.6% से बढ़कर 34.5% हो गई है। वहीं, इसी अवधि में पुरुषों की हिस्सेदारी घटकर 59.1% रह गई। आंकड़े बताते हैं कि महिलाएं अब निवेश के फैसलों में पहले से ज्यादा सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

बैंक जमा में महिलाओं के पास 55 लाख करोड़ रुपये

मार्च 2026 तक महिलाओं के पास बैंक जमा के रूप में करीब 55 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति थी। वहीं, म्यूचुअल फंड में महिलाओं का निवेश लगभग 16 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इससे पता चलता है कि महिलाएं अब अपनी बचत को अलग-अलग वित्तीय माध्यमों में बांट रही हैं।

भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, बैंक खातों में महिलाओं की हिस्सेदारी भी लगातार बढ़ी है। मार्च 2019 में यह हिस्सेदारी करीब 33% थी, जो मार्च 2026 में बढ़कर 41% के पार पहुंच गई। बैंकिंग सेवाओं तक महिलाओं की बढ़ती पहुंच और वित्तीय जागरूकता को इस बदलाव की अहम वजह माना जा रहा है।

SIP निवेश में सालाना 30% की बढ़ोतरी

पिछले पांच साल में महिलाओं के सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) निवेश में भी तेजी आई है। रिपोर्ट के अनुसार, महिलाओं की SIP संपत्ति करीब 30% की सालाना दर से बढ़कर 4.73 लाख करोड़ रुपये हो गई है। यह आंकड़ा बताता है कि महिलाएं नियमित निवेश के जरिए लंबी अवधि में संपत्ति बनाने पर ध्यान दे रही हैं।

SIP के माध्यम से निवेशक हर महीने एक निश्चित रकम म्यूचुअल फंड में लगाते हैं। इससे एक साथ बड़ी रकम निवेश करने की जरूरत नहीं पड़ती और लंबे समय में बाजार के उतार-चढ़ाव का असर संतुलित करने में मदद मिल सकती है।

निवेशकों की संख्या कम, लेकिन संपत्ति में हिस्सेदारी ज्यादा

रिपोर्ट का एक और महत्वपूर्ण पहलू महिलाओं के औसत निवेश से जुड़ा है। मार्च 2026 तक कुल म्यूचुअल फंड निवेशकों में महिलाओं की हिस्सेदारी 26.4% थी, जबकि कुल व्यक्तिगत म्यूचुअल फंड संपत्ति में उनकी हिस्सेदारी 34.5% रही।

इस अंतर से संकेत मिलता है कि म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाली महिलाओं का औसत निवेश आकार पुरुषों की तुलना में बड़ा है। यानी महिला निवेशकों की संख्या भले ही पुरुषों से कम हो, लेकिन उनके पास निवेश की कुल संपत्ति में अपेक्षाकृत अधिक हिस्सेदारी है।

पिछले पांच साल के आंकड़े बताते हैं कि भारतीय महिलाएं आर्थिक रूप से अधिक जागरूक और निवेश के प्रति सक्रिय हो रही हैं। बैंक खातों से लेकर SIP और म्यूचुअल फंड तक उनकी बढ़ती भागीदारी देश में बदलती वित्तीय तस्वीर को दर्शाती है।