Weather Update: लखनऊ में बाढ़ से हाहाकार, केरल में भारी बारिश का अलर्ट; गुलमर्ग में बर्फबारी, महाराष्ट्र के किसानों को मिलेगी राहत
लखनऊ में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में पिछले दो सप्ताह से बाढ़ का पानी भरा हुआ है। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से हालात गंभीर हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 50 हजार से अधिक घरों में करीब 5 फीट तक पानी भर गया है। एक मंजिला मकानों में रहने वाले लोग छतों पर तिरपाल लगाकर दिन गुजारने को मजबूर हैं।
केरल में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने केरल में आने वाले दिनों में भारी बारिश की आशंका जताई है। 15 अक्टूबर को राज्य के चार जिलों पथनमथिट्टा, कोट्टायम, एर्नाकुलम और इडुक्की में बहुत भारी बारिश की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा आठ अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
गुलमर्ग की अफरवात चोटी पर बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग की अफरवात चोटी पर बर्फबारी से मौसम का मिजाज बदल गया है। पहाड़ी इलाके में सर्दियों जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। बर्फबारी और खूबसूरत प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेने के लिए पहुंच रहे पर्यटक इस मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं।
महाराष्ट्र के किसानों को दिवाली से पहले आर्थिक मदद
महाराष्ट्र सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए दिवाली से पहले 5,000 रुपये की शुरुआती आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। राज्य के 85 प्रतिशत से अधिक तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने के बाद सरकार ने किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का फैसला लिया है।